सोशल मीडिया पर इन दिनों एक वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें सड़क किनारे भीषण आग लगी हुई दिखाई दे रही है। वीडियो में आग की लपटों के साथ आसमान में घना धुआं उठता नजर आता है, जिससे हालात बेहद गंभीर प्रतीत होते हैं।
इस वीडियो को सोशल साइट X (पूर्व ट्विटर) पर यूजर हत्तोरी सेंशी ने शेयर करते हुए दावा किया कि उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में “गृह-युद्ध” जैसे हालात बन गए हैं।
इसके अलावा कई अन्य यूजर्स ने भी इसी वीडियो को इसी दावे के साथ शेयर किया है, जिसे यहां पर देखा जा सकता है।
फैक्ट चेक
वायरल दावे की सच्चाई जानने के लिए Times Headline ने वीडियो के कीफ्रेम निकालकर रिवर्स इमेज सर्च किया। जांच के दौरान यही वीडियो दैनिक भास्कर की एक रिपोर्ट में मिला। रिपोर्ट के अनुसार, यह घटना लखनऊ के विकासनगर इलाके की है, जहां बुधवार शाम करीब 5:30 बजे भीषण आग लग गई थी।
रिपोर्ट में बताया गया कि आग लगने के बाद 30 से अधिक गैस सिलेंडर फट गए थे, जिससे स्थिति और भयावह हो गई। इस हादसे में 250 से ज्यादा झुग्गी-झोपड़ियां जलकर राख हो गईं। आग इतनी तेज थी कि इसकी लपटें करीब 10 किलोमीटर दूर तक दिखाई दे रही थीं।
इसके अलावा, इस घटना से जुड़ी Aaj Tak, Zee News और अन्य मीडिया संस्थानों की रिपोर्ट्स भी सामने आईं। इन सभी रिपोर्ट्स से स्पष्ट होता है कि वायरल वीडियो विकासनगर इलाके में लगी आग का है, न कि किसी “गृह-युद्ध” जैसी स्थिति का।

वहीं, वीडियो की पुष्टि के लिए अबू अशरफ से भी बातचीत की गई। उन्होंने बताया कि वायरल वीडियो विकासनगर में झुग्गी-झोपड़ियों में लगी आग का ही है।
निष्कर्ष
Times Headline की जांच में साफ हुआ कि वायरल वीडियो के साथ किया जा रहा “गृह-युद्ध” का दावा पूरी तरह भ्रामक है। यह वीडियो लखनऊ के विकासनगर इलाके में लगी भीषण आग का है, जिसमें गैस सिलेंडर फटने के कारण आग तेजी से फैल गई थी।




