संयुक्त राष्ट्र ने आगाह किया कि लेबनान की राजधानी बेरूत के दक्षिणी उपनगरों पर रात भर हुए इसराइली हवाई हमले ने, वहाँ से विस्थापन की एक नई लहर उत्पन्न कर दी है जबकि वहाँ रहने वाले लोग, पहले ही महीनों से युद्ध के साए में जी रहे हैं.
यूएन प्रवक्ता स्तेफ़ान दुजैरिक ने गुरूवार को कहा कि यह निश्चित रूप से एक बहुत ही चिन्ताजनक स्थिति है, और “हम इस बात को लेकर भी गहरी चिन्ता में हैं कि इस हमले में आम नागरिकों की मौत की ख़बरें सामने आई हैं, जिनमें बच्चे भी हैं.”
लेबनान और इसराइल के बीच 17 अप्रैल को हुई युद्धविराम की घोषणा और उसके बाद इस युद्धविराम के विस्तार के बाद, बेरूत पर इसराइल का ये पहला हमला था.
यूएन प्रवक्ता ने संयुक्त राष्ट्र की ओर से सभी पक्षों से अधिकतम संयम बरतने और अन्तरराष्ट्रीय़ क़ानून, विशेषकर अन्तरराष्ट्रीय मानवीय क़ानून का पूर्ण सम्मान करने की अपील दोहराई है.
लाखों लोग विस्थापित
रिपोर्ट के मुताबिक़, लेबनान में 10 लाख से अधिक लोग अब भी विस्थापित हैं. इनमें 1 लाख 26 हज़ार लोग देश भर में 600 से अधिक सामूहिक आश्रय स्थलों में रह रहे हैं.
हालाँकि विस्थापित लोगों का अधिकांश हिस्सा अब भी औपचारिक आश्रयों के बाहर ही रह रहा है.
यूएन सहायता साझीदार युद्ध से प्रभावित और दुर्गम क्षेत्रों में आम नागरिकों की मदद जारी रखे हुए हैं.
यूएन सहायता जारी
2 मार्च को हिज़्बुल्लाह लड़ाकों और इसराइली बलों के बीच युद्ध भड़कने के बाद से अब तक 110 मानवीय सहायता गतिविधियों तो सुगम बनाया गया है.
इसके बावजूद, राहत सामग्री की आपूर्ति अब भी असुरक्षा, आवाजाही पर प्रतिबन्ध, बिना फटे विस्फोटक उपकरणों (unexploded ordnance) की मौजूदगी और क्षतिग्रस्त बुनियादी ढाँचे के कारण बाधित बनी हुई है.
इन तमाम बाधाओं के बावजूद, मानवीय साझीदारों ने 1 लाख 60 हज़ार से अधिक कम्बल, 1 लाख 20 हज़ार गद्दे, 1 लाख से अधिक स्वच्छता किट और 50 हज़ार मासिक धर्म स्वच्छता किट वितरित की हैं.
संयुक्त राष्ट्र और उसके साझीदार संगठनों ने ज़रूरतमन्द लोगों को 37 लाख लीटर से अधिक बोतलबन्द पानी उपलब्ध कराया है.
साथ ही, पानी के टैंकर के माध्यम से 65 हज़ार घन मीटर से अधिक पानी की आपूर्ति भी की है.
यूएन शान्तिरक्षक भी प्रभावित
प्रवक्ता स्तेफ़ान दुजैरिक ने कहा कि, लेबनान में तैनात यूएन अन्तरिम बल (UNIFIL) के शान्तिरक्षक, “ऑपरेशन क्षेत्र में इसराइली रक्षा बलों (IDF) की व्यापक सैन्य गतिविधियों” पर लगातार नज़र बनाए हुए हैं.
उन्होंने कहा, “शान्तिरक्षकों ने गोलीबारी की अनेक घटनाओं और उड़ान भरने वाले हथियार – प्रक्षेप्य (projectile) की गतिविधियों की भी ख़बर दी है, जिनमें से अधिकांश का स्रोत इसराइली रक्षा बलों की ओर से प्रतीत होता है.”
यूएन शान्तिरक्षकों और उनके ठिकाने जारी युद्ध से सीधे प्रभावित हो रहे हैं, और युद्ध के बाद से अब तक 5 शान्तिरक्षकों की जान जा चुकी है.
यूएन प्रवक्ता ने कहा, “हम एक बार फिर इस बात पर ज़ोर देते हैं कि हमारे शान्तिरक्षकों की सुरक्षा और संरक्षण तथा संयुक्त राष्ट्र परिसरों की अक्षुण्णता का सभी पक्षों द्वारा हर समय सम्मान किया जाना चाहिए.”
Source : UN News
