संघर्ष से सफलता तक: मोहम्मद क़ैस ने रचा नया इतिहास, नॉर्थ ज़ोन नेशनल सॉफ्ट टेनिस चैंपियनशिप में जीता कांस्य पदक

श्रीनगर: मेहनत, अनुशासन और बड़े सपनों का संगम जब प्रतिभा से मिलता है, तो इतिहास बनता है। जम्मू-कश्मीर के युवा सॉफ्ट टेनिस खिलाड़ी मोहम्मद क़ैस ने इसी जज़्बे का परिचय देते हुए श्रीनगर में आयोजित तीसरी नॉर्थ ज़ोन नेशनल सॉफ्ट टेनिस चैंपियनशिप में कांस्य पदक जीतकर पूरे प्रदेश का सिर गर्व से ऊंचा कर दिया। यह प्रतियोगिता 26 से 28 जून के बीच आयोजित हुई, जिसमें उत्तर भारत के विभिन्न राज्यों के खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया।

क़ैस की इस उपलब्धि को और भी खास इसलिए माना जा रहा है क्योंकि वह सब-जूनियर वर्ग के खिलाड़ी हैं, लेकिन उन्होंने सीनियर वर्ग में उतरकर अनुभवी खिलाड़ियों के बीच शानदार प्रदर्शन किया और पोडियम तक अपना सफर तय किया। यह सफलता उनकी कड़ी मेहनत, आत्मविश्वास और खेल के प्रति समर्पण की कहानी बयां करती है।

इसी के साथ आपको बता दे की मोहम्मद क़ैस का सफर केवल इस कांस्य पदक तक सीमित नहीं है। उनके नाम पहले से ही जिला और केंद्र शासित प्रदेश स्तर पर कई स्वर्ण पदक, राष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में स्वर्ण पदक और एक अंतरराष्ट्रीय एशियाई चैंपियनशिप में भी स्वर्ण पदक दर्ज है। लगातार बेहतरीन प्रदर्शन के दम पर उनका लक्ष्य अब भारत और जम्मू-कश्मीर के लिए अंतरराष्ट्रीय स्तर पर और अधिक पदक जीतना है।

मोहम्मद क़ैस की यह सफलता न केवल एक खिलाड़ी की व्यक्तिगत जीत है, बल्कि जम्मू-कश्मीर के उन हजारों युवाओं के लिए प्रेरणा है जो सीमित संसाधनों के बावजूद अपने सपनों को साकार करने का साहस रखते हैं। उनका यह कांस्य पदक इस बात का प्रमाण है कि दृढ़ संकल्प और निरंतर मेहनत के दम पर कोई भी मंज़िल दूर नहीं होती।

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *