जेल में क़ुरआन पढ़ रहे वेनेजुएला के पूर्व राष्ट्रपति निकोलास मादुरो: द न्यूयॉर्क टाइम्स

न्यूयॉर्क: वेनेजुएला के पूर्व राष्ट्रपति निकोलस मादुरो की जेल की जिंदगी को लेकर एक नई रिपोर्ट सामने आई है। अमेरिका की जेल में बंद मादुरो इन दिनों धार्मिक और दार्शनिक किताबें पढ़ने में काफी समय बिता रहे हैं। इनमें कुरान, बाइबिल और दर्शन से जुड़ी अन्य पुस्तकें शामिल हैं। उन्होंने जेल में एक कैथोलिक पादरी और यहूदी रब्बी से भी मुलाकात की है।

अमेरिकी अखबार द न्यूयॉर्क टाइम्स ने 9 नवंबर 2026 को प्रकाशित अपनी रिपोर्ट में छह ऐसे लोगों के हवाले से यह जानकारी दी है, जिन्हें मादुरो की जेल की परिस्थितियों और दिनचर्या की जानकारी है। रिपोर्ट के मुताबिक, जेल में रहने के बाद उनकी धार्मिक और आध्यात्मिक गतिविधियों में दिलचस्पी बढ़ी है।

कुरान और बाइबिल पढ़ रहे हैं मादुरो
रिपोर्ट के अनुसार, मादुरो अपना काफी खाली समय धार्मिक और दार्शनिक पुस्तकों के अध्ययन में बिता रहे हैं। वह जेल के धार्मिक अधिकारियों से भी बातचीत करते हैं। इनमें एक कैथोलिक पादरी और एक यहूदी रब्बी शामिल हैं।

मादुरो की आध्यात्मिक विषयों में दिलचस्पी पहले से रही है, लेकिन गिरफ्तारी के बाद उनका ध्यान इस दिशा में अधिक बढ़ा है।

 

यहूदी पूर्वजों से जुड़ा दावा भी चर्चा में
रिपोर्ट में मादुरो के यहूदी पूर्वजों से जुड़े दावे का भी जिक्र किया गया है। मादुरो पहले सार्वजनिक रूप से कह चुके हैं कि उनके पूर्वज सेफार्डिक यहूदी समुदाय से संबंधित थे और नीदरलैंड्स एंटिलीज से वेनेजुएला आए थे।

हालांकि, उनके करीबी लोगों के अनुसार, गिरफ्तारी से पहले उन्होंने यहूदी धर्म में विशेष रुचि नहीं दिखाई थी। रिपोर्ट में यह भी स्पष्ट नहीं किया गया है कि रब्बी से उनकी मुलाकात धार्मिक रुचि के कारण है या बौद्धिक जिज्ञासा के चलते।

भारतीय आध्यात्मिक गुरु से भी प्रभावित रहे हैं
न्यूयॉर्क टाइम्स की रिपोर्ट में भारतीय आध्यात्मिक गुरु सत्य साईं बाबा का भी उल्लेख किया गया है। बताया गया है कि मादुरो, उनकी पत्नी सिलिया फ्लोरेस और उनकी उत्तराधिकारी डेल्सी रोड्रिगेज सत्य साईं बाबा की शिक्षाओं से प्रभावित रहे हैं।

मादुरो अपने राजनीतिक जीवन के दौरान कैथोलिक और इवेंजेलिकल ईसाई समुदायों के साथ भी संपर्क बनाए रखते थे।

ब्रुकलिन की जेल में बंद हैं मादुरो
रिपोर्ट के मुताबिक, 63 वर्षीय मादुरो न्यूयॉर्क के ब्रुकलिन स्थित मेट्रोपॉलिटन डिटेंशन सेंटर में बंद हैं। 3 जनवरी 2026 को अमेरिकी सैन्य अभियान के बाद उन्हें और उनकी पत्नी को हिरासत में लेकर अमेरिका लाया गया था।

रिपोर्ट में यह भी बताया गया है कि जेल में रहने के दौरान मादुरो का वजन कम हुआ है। जेल के खाने की गुणवत्ता को लेकर उन्होंने शिकायत भी की है। हालांकि, उनके बेटे ने वजन कम होने की वजह रोजाना व्यायाम को बताया है।

मादुरो और उनकी पत्नी सिलिया फ्लोरेस अमेरिका में मादक पदार्थों की तस्करी से जुड़े आरोपों का सामना कर रहे हैं। दोनों ने अपने ऊपर लगे आरोपों को खारिज किया है। मामले में सुनवाई जारी है।

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *