नई दिल्ली: भारत में मुसलमानों के खिलाफ हिंसा और मानवाधिकार उल्लंघन की घटनाओं को लेकर एक नई रिपोर्ट सामने आई है। साउथ एशिया जस्टिस कैंपेन (South Asia Justice Campaign) की इंडिया परसीक्यूशन ट्रैकर (IPT) की ताजा रिपोर्ट के मुताबिक, अगस्त से अक्टूबर 2026 के बीच देश में कम से कम 16 मुसलमानों की हत्या हुई। इनमें आठ लोगों की मौत सरकारी एजेंसियों से जुड़े मामलों में हुई, जबकि आठ अन्य की हत्या गैर-सरकारी समूहों और कथित धार्मिक नफरत से जुड़ी हिंसा में हुई।
पुलिस मुठभेड़ और हिरासत में 8 मौतें
रिपोर्ट के मुताबिक़, तीन महीनों के दौरान छह राज्यों में कम से कम आठ मुसलमानों की मौत सरकारी एजेंसियों से जुड़े मामलों में हुई। इनमें तीन लोगों की पुलिस मुठभेड़ में और पांच लोगों की पुलिस हिरासत या जेल में मौत हुई।
इसके साथ ही 2026 में अब तक सरकारी एजेंसियों से जुड़े मामलों में मारे गए मुसलमानों की संख्या कम से कम 27 हो गई है। रिपोर्ट के अनुसार, जनवरी 2022 से आंकड़े दर्ज करने की शुरुआत के बाद यह इस तरह की मौतों के लिहाज से सबसे अधिक संख्या है।

गैर-सरकारी समूहों के हाथों 8 मुसलमानों की हत्या
रिपोर्ट में अगस्त से अक्टूबर के बीच कथित धार्मिक नफरत से जुड़े हमलों में आठ मुसलमानों की हत्या का भी जिक्र किया गया है। ये घटनाएं चार राज्यों में दर्ज की गईं।
उत्तर प्रदेश और पश्चिम बंगाल में ऐसे सबसे अधिक मामले सामने आए, जहां तीन-तीन मुसलमानों की हत्या दर्ज की गई। रिपोर्ट के मुताबिक, गो-रक्षा के नाम पर सक्रिय समूहों और अन्य गैर-सरकारी तत्वों से जुड़ी हिंसा भी इन घटनाओं का हिस्सा रही।
उत्तर प्रदेश में सबसे ज्यादा घटनाएं
IPT की रिपोर्ट में उत्तर प्रदेश को लेकर विशेष चिंता जताई गई है। अगस्त से अक्टूबर के बीच देशभर में दर्ज 146 घटनाओं में से 103 उत्तर प्रदेश में हुईं।
रिपोर्ट के मुताबिक़, इस अवधि में पुलिस की कथित ‘हाफ एनकाउंटर’ कार्रवाइयों में कम से कम 118 मुस्लिम पुरुष घायल हुए। इनमें से 105 मामले उत्तर प्रदेश में दर्ज किए गए, जबकि बाकी 13 दिल्ली, हरियाणा, उत्तराखंड और ओडिशा में सामने आए।
रिपोर्ट में ‘हाफ एनकाउंटर’ का इस्तेमाल उन पुलिस गोलीबारी की घटनाओं के लिए किया गया है, जिनमें लोगों को गोली लगने से चोट पहुंची, लेकिन उनकी मौत नहीं हुई।
यूपी में मुठभेड़ों को लेकर आंकड़े
रिपोर्ट में उत्तर प्रदेश पुलिस के आंकड़ों का हवाला देते हुए बताया गया है कि मार्च 2017 से 13 अक्टूबर 2026 के बीच पुलिस मुठभेड़ों में मारे गए 316 लोगों में से 110 मुसलमान थे।यह कुल मौतों का लगभग 35 प्रतिशत है, जबकि राज्य की आबादी में मुसलमानों की हिस्सेदारी करीब 19 प्रतिशत है।
इसके अलावा, एसोसिएटेड प्रेस (AP) की एक जांच का हवाला देते हुए रिपोर्ट में कहा गया है कि 2020 से गो-तस्करी के मामलों में पुलिस की गोलीबारी से घायल हुए लोगों में जिनकी पहचान उपलब्ध थी, उनमें लगभग 93 प्रतिशत मुसलमान थे।
धार्मिक नफरत से जुड़े भाषणों और हमलों पर चिंता
रिपोर्ट में मुसलमानों के खिलाफ धार्मिक नफरत से जुड़े भाषणों और हमलों का भी जिक्र किया गया है। इसके मुताबिक, अगस्त से अक्टूबर के बीच कम से कम 10 राज्यों में मुसलमानों पर हमले दर्ज किए गए। इनमें कई मामलों में धार्मिक नारे लगाने के लिए दबाव बनाने और अपमानित करने की घटनाएं शामिल थीं।
रिपोर्ट में उत्तर प्रदेश, पश्चिम बंगाल, असम और उत्तराखंड में राजनीतिक नेताओं के बयानों को भी दर्ज किया गया है।
