वेस्ट बैंक में इजरायली कार्रवाई तेज, तीन शरणार्थी शिविरों की बंदी सितंबर तक बढ़ी

उत्तरी वेस्ट बैंक में इजरायली सैन्य कार्रवाई और पाबंदियों के बीच तीन प्रमुख फिलिस्तीनी शरणार्थी शिविरों को लेकर प्रतिबंध और बढ़ा दिए गए हैं। इजरायली कब्जे वाले अधिकारियों ने जेनिन, तुलकरम और नूर शम्स शरणार्थी शिविरों की बंदी को सितंबर के अंत तक बढ़ा दिया है। नए सैन्य आदेश के तहत विशेष अनुमति के बिना किसी भी व्यक्ति के लिए इन शिविरों में प्रवेश करने, वहां रहने या बाहर निकलने पर रोक रहेगी।

स्थानीय सूत्रों के मुताबिक, यह आदेश पिछली पाबंदी खत्म होने से सिर्फ दो दिन पहले जारी किया गया। इस बीच जेनिन गवर्नरेट में इजरायली सेना की छापेमारी और गिरफ्तारियां भी जारी हैं। कबातिया कस्बे में घरों और दुकानों की तलाशी के दौरान कई युवा फिलिस्तीनियों को गिरफ्तार कर अज्ञात स्थानों पर ले जाया गया।

मीडिया रिपोर्टस के अनुसार, इस साल की शुरुआत से जेनिन और तुलकरम शरणार्थी शिविरों में घरों और बुनियादी ढांचे को गिराने की कार्रवाई के चलते हजारों फिलिस्तीनी परिवार विस्थापित हुए हैं। वहीं, नाबलुस के पास बुरिन गांव में इजरायली सेना और यहूदी बस्ती से जुड़े लोगों के प्रवेश के बाद झड़पें हुईं।

इसके अलावा अक्टूबर 2023 से अब तक वेस्ट बैंक में 1,182 से अधिक फिलिस्तीनी मारे गए और करीब 24,000 गिरफ्तार हुए हैं।

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *