सोशल मीडिया पर वरिष्ठ पत्रकार रवीश कुमार का एक वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है। इस वीडियो में उन्हें कथित तौर पर कॉकरोच जनता पार्टी (CJP), अभिजीत दीपके और आम आदमी पार्टी के नेताओं संजय सिंह व मनीष सिसोदिया को लेकर सवाल उठाते हुए दिखाया जा रहा है। वीडियो को शेयर करते हुए यूजर्स दावा कर रहे हैं कि रवीश कुमार ने CJP और अभिजीत दीपके की कथित भूमिका पर सवाल खड़े किए हैं।
यह वीडियो ऐसे समय वायरल हुआ है, जब दिल्ली के जंतर मंतर पर शिक्षा व्यवस्था और परीक्षा प्रणाली से जुड़े मुद्दों को लेकर CJP के नेतृत्व में प्रदर्शन की चर्चा सोशल मीडिया पर है। वहीं, झारखंड के रांची में भी शिक्षा व्यवस्था को लेकर छात्रों का प्रदर्शन जारी है। इसी बीच कुछ सोशल मीडिया यूजर्स ने रांची के प्रदर्शन में CJP और अभिजीत दीपके की मौजूदगी को लेकर सवाल उठाए।
वायरल वीडियो में क्या दावा किया जा रहा है?
Arun Yadav नामक यूजर ने रवीश कुमार के इस न्यूज क्लिप को शेयर करते हुए लिखा, ‘रवीश कुमार CJP और अभिजीत दिपके की पोल खोलते हुए’
वहीं, Abhishek Tyagi नामक एक अन्य एक्स यूजर ने वीडियो साझा करते हुए लिखा, ‘काॅकरोच जनता पार्टी (CJP) व अभिजीत दीपके की पोल खोलते हुए रवीश कुमार! अभिजीत दीपके एंड गैंग से विपक्ष समर्थक पत्रकार भी आक्रोशित हो रहे हैं!!’
इसके अलावा कई अन्य सोशल मीडिया यूजर्स ने भी इस वीडियो और इसके स्क्रीनशॉट को शेयर किया है। जिसे यहां, यहां, यहां और यहां देखा जा सकता है। वहीं, यह क्लिप फेसबुक पर भी शेयर की जा रही है, जिसे यहां देखा जा सकता है।
फैक्ट चेक
Times Headline की जांच में सामने आया कि वायरल वीडियो असली नहीं है। वीडियो में रवीश कुमार की आवाज और उनके मूल वीडियो के हिस्से के साथ छेड़छाड़ कर ऐसी बातें जोड़ी गई हैं, जो उनके मूल वीडियो में मौजूद नहीं थीं।
वायरल क्लिप की पड़ताल के दौरान वीडियो के कीफ्रेम्स को रिवर्स इमेज सर्च के जरिए जांचा गया। इस प्रक्रिया में रवीश कुमार के आधिकारिक यूट्यूब चैनल पर 29 जुलाई को अपलोड किया गया एक मूल वीडियो मिला।
इस वीडियो का शीर्षक था— ‘अमित शाह को घेरा राहुल गांधी ने, इस्तीफ़ा मांगा, क्या शाह जवाब देंगे?’
मूल वीडियो के डिस्क्रिप्शन में दिल्ली में हुई हिंसा को लेकर राहुल गांधी द्वारा केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से सवाल किए जाने और उनसे जवाब मांगे जाने की चर्चा है। इसमें यह भी बताया गया है कि राहुल गांधी इस मुद्दे पर लगातार अमित शाह से सवाल कर रहे हैं और उन्हें पत्र लिख रहे हैं।
Times Headline ने जब रवीश कुमार के मूल वीडियो और वायरल क्लिप को मिलाकर देखा, तो वायरल वीडियो में दिखाई जा रही CJP, अभिजीत दीपके, संजय सिंह और मनीष सिसोदिया से संबंधित बातें मूल वीडियो में नहीं मिलीं।
AI से बदले गए ऑडियो के संकेत
वायरल वीडियो की आगे की जांच AI-डिटेक्शन टूल्स के जरिए भी की गई। Hive Moderation और Deepfake-o-meter पर वीडियो की जांच में AI-मैनिपुलेशन के संकेत सामने आए।
Hive Moderation के परिणाम में वीडियो में AI-generated speech की संभावना 98.1 प्रतिशत बताई गई। वहीं, Deepfake-o-meter के LIPINC टूल ने वीडियो को 60 प्रतिशत AI-generated बताया।

इन परिणामों से संकेत मिलता है कि रवीश कुमार के मूल वीडियो के ऑडियो के साथ छेड़छाड़ कर उसमें ऐसी बातें जोड़ी गईं, जो वास्तविक वीडियो का हिस्सा नहीं थीं।
रवीश कुमार ने भी बताया AI क्लिप
वायरल वीडियो को लेकर Times Headline ने वरिष्ठ पत्रकार रवीश कुमार से संपर्क किया। उन्होंने वायरल वीडियो को AI क्लिप बताया।
इस तरह वायरल वीडियो को रवीश कुमार का वास्तविक बयान बताकर शेयर किया जाना भ्रामक है। मूल वीडियो में CJP या अभिजीत दीपके को लेकर वायरल क्लिप में दिखाई जा रही टिप्पणियां मौजूद नहीं हैं।
निष्कर्ष
Times Headline की पड़ताल में स्पष्ट हुआ कि रवीश कुमार के नाम से वायरल हो रही यह क्लिप AI-मैनिपुलेटेड है। मूल वीडियो में रवीश कुमार दिल्ली हिंसा के मुद्दे पर राहुल गांधी द्वारा अमित शाह से सवाल पूछे जाने और उनके इस्तीफे की मांग से संबंधित खबर पर चर्चा कर रहे थे।
इसलिए सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो के आधार पर यह दावा करना कि रवीश कुमार ने CJP और अभिजीत दीपके को लेकर वायरल क्लिप में दिखाई गई टिप्पणियां की थीं, गलत और भ्रामक है।


