अमेरिकी सैनिक को पकड़ो या मारो, 30 हजार डॉलर पाओ! ईरान का ऐलान, महिलाओं के लिए इनाम दोगुना

ईरान और अमेरिका के तनाव के बीच तेहरान की ओर से ऐसा ऐलान किया गया है, जिसने पूरे मामले को और सुर्खियों में ला दिया है। ईरानी सेना प्रमुख अमीर हतामी ने कहा है कि किसी अमेरिकी सैन्यकर्मी को मारने या पकड़कर सौंपने वाले को 30 हजार डॉलर का इनाम दिया जाएगा। खास बात यह है कि अगर यह काम कोई ईरानी महिला करती है, तो उसे 60 हजार डॉलर यानी दोगुना इनाम मिलेगा।

लोगों की मांग पर बनाई गई योजना

अमीर हतामी के मुताबिक, यह योजना लोगों की बड़ी संख्या में आई मांग के बाद तैयार की गई है। 30 हजार डॉलर की रकम करीब 5 अरब तोमन के बराबर बताई गई है। हालांकि, इस ऐलान में यह साफ नहीं किया गया कि अमेरिकी सैनिकों को पकड़ने या मारने की कोशिश किस जगह और कब की जानी है।

महिलाओं के लिए इनाम की राशि दोगुनी किए जाने ने इस घोषणा को और चर्चा में ला दिया है।

होर्मुज स्ट्रेट को लेकर भी अमेरिका को चेतावनी

ईरान ने सिर्फ इनाम का ऐलान ही नहीं किया, बल्कि फारस की खाड़ी और होर्मुज स्ट्रेट को लेकर भी अमेरिका को कड़ा संदेश दिया है। ईरान लंबे समय से इस इलाके में अमेरिकी सैन्य मौजूदगी का विरोध करता रहा है। उसका कहना है कि होर्मुज में बाहरी दखल स्वीकार नहीं किया जाएगा।

होर्मुज स्ट्रेट दुनिया के लिए बेहद अहम समुद्री मार्ग है। यहां तनाव बढ़ता है तो इसका असर तेल और अंतरराष्ट्रीय व्यापार पर पड़ सकता है।

सीजफायर के बावजूद तनाव बरकरार

सबसे अहम बात यह है कि यह ऐलान ऐसे वक्त आया है जब सीजफायर के बावजूद ईरान और अमेरिका के बीच तनाव और बयानबाजी थमी नहीं है। शांति वार्ता को लेकर भी स्थिति अभी स्पष्ट नहीं है।

एक तरफ ईरान अमेरिका से क्षेत्र में अपनी सैन्य मौजूदगी कम करने की मांग कर रहा है, तो दूसरी तरफ अमेरिका भी ईरान पर दबाव बनाए हुए है। ऐसे माहौल में अमेरिकी सैनिकों पर इनाम की घोषणा ने दोनों देशों के बीच तनाव को और गंभीर बना दिया है।

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *