मक्का की तरफ बढ़ रहा था हूती ड्रोन, सऊदी एयर डिफेंस ने मार गिराया

रियाद: सऊदी अरब ने दावा किया है कि यमन के हूती विद्रोहियों की ओर से लॉन्च किए गए एक ड्रोन को मक्का मुकर्रमा के दक्षिण में सऊदी एयर डिफेंस ने इंटरसेप्ट कर तबाह कर दिया। सऊदी नेतृत्व वाले गठबंधन के प्रवक्ता मेजर जनरल तुर्की अल-मलिकी के मुताबिक, ड्रोन को मंगलवार शाम करीब 6:50 बजे मक्का के प्रतिबंधित हवाई क्षेत्र में दाखिल होने से पहले ही नष्ट कर दिया गया।

इस घटना के बाद मक्का समेत जेद्दा और ताइफ के कुछ इलाकों में सुरक्षा अलर्ट जारी किया गया। मक्का में इस तरह का सुरक्षा अलर्ट मौजूदा क्षेत्रीय संघर्ष के दौरान पहली बार सामने आया है। अलर्ट कुछ ही देर बाद हटा लिया गया।

सऊदी गठबंधन ने इस घटना को मक्का को निशाना बनाने की दूसरी कोशिश बताया है। इससे पहले जुलाई 2017 में सऊदी अधिकारियों ने मक्का की दिशा में बैलिस्टिक मिसाइल दागे जाने का दावा किया था।

अल-मलिकी ने कहा कि मस्जिद अल-हराम, मस्जिद-ए-नबवी और जायरीन की सुरक्षा सऊदी अरब के लिए ‘रेड लाइन’ है और आगे ऐसे हमलों को रोकने के लिए जरूरी कदम उठाए जाएंगे।

हालांकि, हूती पक्ष ने मक्का या किसी अन्य इस्लामी मुकद्दस मुकाम को निशाना बनाने के आरोप से इनकार किया है। हूती सैन्य सूत्र ने कहा कि यमन की ओर से मक्का या किसी दूसरे पवित्र स्थल के लिए कोई खतरा नहीं है।

यह घटना ऐसे वक्त हुई है जब लाल सागर और बाब-अल-मंदब क्षेत्र में तनाव बढ़ रहा है और सऊदी अरब पर हूतियों के हमलों में तेजी आई है। इससे पूरे क्षेत्र की सुरक्षा और समुद्री व्यापार मार्गों को लेकर चिंता बढ़ गई है।

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *