चंद्रशेखर आज़ाद-ओवैसी का गठबंधन, 2027 यूपी चुनाव के लिए बनाया ‘सामाजिक परिवर्तन मोर्चा’; चंद्रशेखर होंगे CM फेस

लखनऊ: उत्तर प्रदेश में 2027 के विधानसभा चुनाव से पहले सियासी हलचल तेज हो गई है। ऑल इंडिया मजलिस-ए-इत्तेहादुल मुस्लिमीन (AIMIM) के प्रमुख और सांसद असदुद्दीन ओवैसी तथा आजाद समाज पार्टी (कांशीराम) के अध्यक्ष एवं नगीना सांसद चंद्रशेखर आजाद ने गुरुवार, 12 नवंबर को नए राजनीतिक गठबंधन का ऐलान किया। दोनों पार्टियों ने अपने गठबंधन को ‘सामाजिक परिवर्तन मोर्चा’ नाम दिया है। खास बात यह है कि ओवैसी ने चंद्रशेखर आजाद को इस गठबंधन की ओर से मुख्यमंत्री पद का उम्मीदवार घोषित किया है।

लखनऊ में आयोजित संयुक्त प्रेस कॉन्फ्रेंस में ओवैसी ने कहा कि यह मोर्चा उत्तर प्रदेश में बीजेपी को लगातार तीसरी बार सत्ता में आने से रोकने के लिए मजबूत विकल्प बनेगा। उन्होंने कहा कि दोनों पार्टियां मिलकर गठबंधन को सफल बनाने के लिए काम करेंगी।

दोनों नेताओं ने गठबंधन के जरिए दलितों, पिछड़ों, अल्पसंख्यकों और समाज के वंचित एवं शोषित वर्गों को एकजुट करने की बात कही। गठबंधन के प्रमुख मुद्दों में शिक्षा, बेरोजगारी, स्वास्थ्य सुविधाएं, किसानों की समस्याएं और सामाजिक न्याय शामिल हैं।

चंद्रशेखर आजाद ने शिक्षा और रोजगार को प्राथमिकता देने की बात कही। उन्होंने 12वीं कक्षा तक मुफ्त शिक्षा, बेहतर स्वास्थ्य सुविधाओं और युवाओं के लिए रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने का वादा भी किया।

चंद्रशेखर आजाद ने कहा कि उनका मोर्चा अन्य राजनीतिक दलों के लिए भी खुला है। उन्होंने समाजवादी पार्टी और कांग्रेस का नाम लेते हुए कहा कि अगर ये पार्टियां बीजेपी को सत्ता में आने से रोकने के लिए साथ आना चाहती हैं, तो उनका स्वागत किया जाएगा।

ओवैसी ने 26 नवंबर को प्रस्तावित जनसभा में लोगों से शामिल होने की अपील की। उन्होंने इसे उत्तर प्रदेश में सामाजिक बदलाव की राजनीति की शुरुआत बताया।

2022 के विधानसभा चुनाव में AIMIM ने 95 सीटों पर उम्मीदवार उतारे थे, लेकिन पार्टी एक भी सीट नहीं जीत सकी थी। वहीं आजाद समाज पार्टी ने भी 100 से अधिक सीटों पर चुनाव लड़ा था, लेकिन उसे सफलता नहीं मिली थी। ऐसे में 2027 के चुनाव में दोनों पार्टियों का गठबंधन कितना प्रभाव डाल पाएगा और दलित-मुस्लिम मतदाताओं को कितना एकजुट कर सकेगा, यह देखना अहम होगा।

 

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *