गरीबों का इलाज, युवाओं की तालीम से लंदन तक पहचान, डॉ. फरमान हसन खान को मिला अंतरराष्ट्रीय सम्मान

गरीबों को बेहतर इलाज दिलाने की मुहिम हो या आर्थिक तंगी से जूझ रहे युवाओं को बेहतर भविष्य का रास्ता दिखाने की पहल, बरेली के डॉ. फरमान हसन खान की सामाजिक गतिविधियों को अब अंतरराष्ट्रीय पहचान मिली है। सामाजिक और मानवीय कार्यों के लिए यूनाइटेड किंगडम की संस्था लंदन बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड्स ने उन्हें सर्टिफिकेट ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड प्रदान किया है।

बरेली के मरकज से शुरू हुआ उनका सामाजिक सफर अब अंतरराष्ट्रीय मंच तक पहुंच गया है। आला हजरत ताजुश्शरिया वेलफेयर सोसाइटी के संस्थापक और दरगाह आला हजरत के प्रमुख संगठन के राष्ट्रीय महासचिव डॉ. फरमान हसन खान ने बताया कि उन्हें लंदन बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड्स की ओर से ईमेल के माध्यम से सम्मान की जानकारी दी गई। संस्था ने उनके सामाजिक और मानवीय कार्यों को रिकॉर्ड में शामिल करते हुए प्रमाणपत्र जारी किया है।

गरीब मरीजों की सर्जरी से लेकर मुफ्त चिकित्सा शिविर तक
संस्था की ओर से जारी प्रमाणपत्र में जरूरतमंद मरीजों के लिए निःशुल्क बड़ी सर्जरी की व्यवस्था, मुफ्त चिकित्सा शिविरों का आयोजन और स्वास्थ्य सुविधाओं से वंचित लोगों तक मदद पहुंचाने के प्रयासों का उल्लेख किया गया है। इन पहलों के माध्यम से हजारों लोगों को लाभ पहुंचने की बात भी प्रमाणपत्र में दर्ज है।

प्रतिभाओं को आर्थिक तंगी के कारण पीछे नहीं रहने देने की पहल
डॉ. फरमान हसन खान की सामाजिक गतिविधियों का दूसरा महत्वपूर्ण पहलू शिक्षा के क्षेत्र में आर्थिक रूप से कमजोर विद्यार्थियों की मदद करना है। NEET, JEE और UPSC जैसी प्रतिष्ठित प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करने वाले युवाओं को निःशुल्क कोचिंग उपलब्ध कराने के प्रयासों को भी संस्था ने सम्मान का आधार बनाया है। उनका उद्देश्य है कि प्रतिभाशाली युवाओं को केवल आर्थिक संसाधनों की कमी के कारण अपने सपनों से समझौता न करना पड़े। प्रमाणपत्र में अमेरिकी पत्रिका फोर्ब्स की 30 अंडर 30 (2026) सूची में उनकी उपलब्धि का भी उल्लेख किया गया है।

कई प्रतिष्ठित हस्तियों के नाम भी रिकॉर्ड से जुड़े
लंदन बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड्स से जुड़े चर्चित नामों में पुडुचेरी के मुख्यमंत्री एन. रंगास्वामी, महाराष्ट्र के उप मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे, लोकसभा सांसद उदयनराजे भोंसले, न्यूक्लियर साइंटिस्ट बल्ला रामकृष्णा और एमआईटी वर्ल्ड पीस यूनिवर्सिटी के अध्यक्ष डॉ. विश्वनाथ कराड सहित कई प्रतिष्ठित हस्तियां शामिल हैं।

समाजसेवा को बताया बदलाव का माध्यम
डॉ. फरमान हसन खान का कहना है कि समाज में वास्तविक बदलाव तभी संभव है, जब जरूरतमंद व्यक्ति को समय पर इलाज मिले और युवाओं को आगे बढ़ने के लिए समान अवसर उपलब्ध हों। उनका प्रयास है कि आर्थिक तंगी किसी गरीब मरीज के इलाज या किसी प्रतिभाशाली विद्यार्थी की शिक्षा में बाधा न बने। इसी उद्देश्य से वह स्वास्थ्य और शिक्षा के क्षेत्र में सामाजिक गतिविधियों को आगे बढ़ा रहे हैं। प्रमाणपत्र संख्या LBOWRE6020217, 12 नवंबर 2026 को जारी किया गया है। इस पर डॉ. इवान गाचिना, यूरोपीय संघ प्रमुख और डॉ. अविनाश डी. सकुंडे, अंतरराष्ट्रीय अध्यक्ष के हस्ताक्षर हैं।

सम्मानों की भी लंबी फेहरिस्त
डॉ. फरमान हसन खान को इससे पहले भी विभिन्न राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय मंचों पर सम्मानित किया जा चुका है। वर्ष 2023 में उन्हें भारत गौरव रत्न सम्मान मिलने का उल्लेख है। टीबी-मुक्त अभियान में भूमिका के लिए स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय, महिला अधिकारों के लिए राष्ट्रीय महिला आयोग और मानवाधिकार के क्षेत्र में राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग की ओर से उनके कार्यों की सराहना की है।

इसके अलावा कर्नाटक की भारत यूनिवर्सिटी से मानद डॉक्टरेट और वर्ल्ड ह्यूमन राइट्स प्रोटेक्शन कमिशन की ओर से वर्ल्ड पीस एम्बेसडर की उपाधि भी उनकी उपलब्धियों में शामिल बताई गई है।

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *