खेतों में पिता का हाथ बंटाया, मस्जिद में इमामत से लेकर अब्दुल हमीद ने UGC-NET अरबी में किया ऑल इंडिया टॉप

कोलकाता: पश्चिम बंगाल के बीरभूम जिले के एक छोटे से गांव से निकलकर अब्दुल हमीद ने राष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया है। उन्होंने UGC-NET जून 2026 की परीक्षा में अरबी विषय में ऑल इंडिया टॉप कर अपने परिवार और गांव का नाम रोशन किया है। उन्होंने 300 में से 266 अंक हासिल करते हुए 100 परसेंटाइल प्राप्त किया। इस विषय की परीक्षा में कुल 1,649 उम्मीदवार शामिल हुए थे।

अब्दुल हमीद पश्चिम बंगाल के बीरभूम जिले के नलहाटी क्षेत्र के कुखुरा गांव के रहने वाले हैं। उनका बचपन आर्थिक चुनौतियों के बीच गुजरा। उनके पिता अब्दुत तौआब सीमित वेतन पर एक माध्यमिक शिक्षा केंद्र में शिक्षक के रूप में काम करते थे। परिवार की आर्थिक जरूरतों को पूरा करने के लिए वह खेती-बाड़ी भी करते थे। अब्दुल हमीद बचपन से ही अपने पिता के साथ खेतों में काम करते, गाय-बकरियां चराते और घास काटने में मदद करते थे। इन जिम्मेदारियों के बावजूद उन्होंने अपनी पढ़ाई जारी रखी।

उनकी शुरुआती शिक्षा मदरसे में हुई, जहां उन्होंने कुरआन भी हिफ्ज किया। इसके बाद उन्होंने 2017 में आलिम और 2019 में फाजिल की परीक्षा पास की। उच्च शिक्षा के लिए उन्होंने कोलकाता की आलिया यूनिवर्सिटी में अरबी विषय से स्नातक की पढ़ाई पूरी की। इसके बाद दिल्ली की जामिया मिल्लिया इस्लामिया से पोस्ट ग्रेजुएशन किया, जहां उन्होंने 8.75 CGPA हासिल किया। उन्होंने रामकृष्ण मिशन के माध्यम से अंग्रेजी भाषा की पढ़ाई भी की।

 

अब्दुल हमीद की सफलता के पीछे लगातार मेहनत और अनुशासन की कहानी है। आर्थिक परेशानियों के कारण दिल्ली में पढ़ाई के दौरान उन्हें कई कठिनाइयों का सामना करना पड़ा। कभी चार लोगों के साथ एक कमरे में रहना पड़ा तो कभी दोस्तों के साथ मिलकर खुद खाना बनाना पड़ा। पढ़ाई पूरी करने के बाद वह एक मदरसे में पढ़ाने के साथ स्थानीय मस्जिद में इमाम की जिम्मेदारी भी निभाते थे। उन्होंने फरवरी 2026 में UGC-NET की विशेष तैयारी शुरू की और पढ़ाई पर अधिक ध्यान देने के लिए अपनी शिक्षण की नौकरी छोड़ दी।

इस परीक्षा की तैयारी के लिए उन्होंने किसी महंगी कोचिंग का सहारा नहीं लिया। यूट्यूब पर उपलब्ध कक्षाओं, कुछ किताबों, खुद तैयार किए गए नोट्स और पिछले वर्षों के प्रश्नपत्रों के अध्ययन को अपनी तैयारी का आधार बनाया। उन्होंने 29 जून 2026 को सूरी स्थित परीक्षा केंद्र पर परीक्षा दी। 28 अगस्त को परिणाम घोषित हुआ तो उनके 266 अंक और 100 परसेंटाइल देखकर परिवार और गांव में खुशी की लहर दौड़ गई। इस सफलता के साथ उन्होंने जूनियर रिसर्च फेलोशिप (JRF) और असिस्टेंट प्रोफेसर पद के लिए भी योग्यता हासिल की।

राष्ट्रीय स्तर पर अरबी विषय में पहला स्थान हासिल करने के बाद भी अब्दुल हमीद का लक्ष्य यहीं तक सीमित नहीं है। वह दिल्ली यूनिवर्सिटी या जवाहरलाल नेहरू यूनिवर्सिटी (JNU) से अरबी विषय में पीएचडी करना चाहते हैं और इस क्षेत्र में शोध के माध्यम से योगदान देना चाहते हैं। उनकी कहानी बताती है कि ग्रामीण पृष्ठभूमि, आर्थिक कठिनाइयां और सीमित संसाधन किसी विद्यार्थी की शैक्षणिक यात्रा का अंतिम पड़ाव नहीं होते। खेतों में पिता का हाथ बंटाने और मस्जिद में इमामत करने से लेकर राष्ट्रीय स्तर पर टॉप करने तक का उनका सफर देश के युवाओं के लिए प्रेरणादायक है।

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *