लखीमपुर (असम): असम के लखीमपुर ज़िले में प्रशासन ने शुक्रवार को बोगीनादी पीजीआर (PGR) इलाके में अतिक्रमण विरोधी अभियान चलाया। इस दौरान कई घरों के साथ एक मस्जिद को भी ध्वस्त कर दिया गया। कार्रवाई के बाद दशकों से यहां रह रहे कई बंगाली मुस्लिम परिवार बेघर हो गए हैं।
प्रभावित परिवारों का कहना है कि उन्हें 1983 में असम आंदोलन के दौरान हुई हिंसा के बाद तत्कालीन ज़िला प्रशासन ने इसी इलाके में बसाया था। प्रशासन की ओर से उस समय इन परिवारों को पहचान पत्र भी जारी किए गए थे। उनका दावा है कि वे पिछले चार दशक से अधिक समय से यहां रह रहे थे।
स्थानीय लोगों के मुताबिक, इन परिवारों के पास बिजली कनेक्शन और जल जीवन मिशन के तहत पानी के कनेक्शन जैसी सरकारी सुविधाएं भी थीं। इलाके में बच्चों की शिक्षा के लिए स्कूल और आंगनवाड़ी केंद्र भी संचालित हो रहे थे। लोगों का कहना है कि इतने वर्षों तक सरकारी सुविधाएं मिलने के कारण उन्हें यहां अपने स्थायी निवास का भरोसा था।

स्थानीय निवासियों ने यह भी दावा किया कि इलाके में मौजूद मस्जिद और क़ब्रिस्तान के लिए वर्ष 1992 में सक्षम प्राधिकारी की ओर से आधिकारिक रूप से ज़मीन आवंटित की गई थी। ऐसे में मस्जिद को ध्वस्त किए जाने को लेकर भी प्रभावित लोगों ने सवाल उठाए हैं।
अभियान के दौरान महिलाओं ने विरोध प्रदर्शन किया। प्रभावित परिवारों ने कार्रवाई को चुनिंदा बताते हुए सरकार से सवाल किया कि दशकों से यहां रह रहे परिवारों को बेघर करने से पहले उनके पुनर्वास की व्यवस्था क्यों नहीं की गई।
बेघर हुए परिवारों ने सरकार से मानवीय आधार पर हस्तक्षेप करने और उन्हें वैकल्पिक आवास उपलब्ध कराने की मांग की है। उनका कहना है कि चार दशक से अधिक समय से बसे परिवारों के सामने अब रहने और अपने बच्चों के भविष्य को लेकर गंभीर संकट पैदा हो गया है।
