गाज़ा में 1.5 लाख टेंट और राहत सामग्री रोकने पर ऑस्ट्रेलिया, कनाडा, इटली और ब्रिटेन की इज़रायल को फ़टकार, तत्काल प्रवेश की मांग

गाज़ा पट्टी में बिगड़ते मानवीय संकट और सर्दियों के बढ़ते प्रकोप के बीच ऑस्ट्रेलिया, कनाडा, इटली और ब्रिटेन ने इज़रायल से 1.5 लाख टेंट और अन्य जरूरी मानवीय सहायता सामग्री को तत्काल गाज़ा में प्रवेश देने की मांग की है। चारों देशों ने संयुक्त बयान जारी कर इजरायल से राहत सामग्री के प्रवेश में हो रही देरी समाप्त करने और सभी सीमा चौकियों को खोलने की अपील की है।

15 नवंबर को जारी संयुक्त बयान में चारों देशों के विदेश मंत्रियों ने कहा कि सर्दियों की शुरुआत के साथ गाज़ा में मानवीय स्थिति बेहद गंभीर हो गई है। हाल ही में हुई भारी बारिश और बाढ़ ने पहले से विस्थापित फिलिस्तीनी परिवारों की मुश्किलें और बढ़ा दी हैं। उन्होंने चेतावनी दी कि सर्दियों का यह पहला तूफान था और आने वाले दिनों में हालात और चुनौतीपूर्ण हो सकते हैं।

संयुक्त बयान के मुताबिक, लगभग 1.5 लाख टेंट और अन्य महत्वपूर्ण राहत सामग्री सीमा पर रोकी गई है, जिन्हें गाज़ा में प्रवेश की अनुमति नहीं मिल रही है। विदेश मंत्रियों ने कहा कि हजारों परिवारों को तत्काल आश्रय और मानवीय सहायता की जरूरत है। ऐसे में राहत सामग्री को रोकने के बजाय बिना किसी बाधा के गाजा पहुंचाने की आवश्यकता है।

रिपोर्टों के अनुसार, हालिया भारी बारिश और बाढ़ के कारण गाज़ा में बड़ी संख्या में अस्थायी टेंट क्षतिग्रस्त हो गए या बह गए। कई विस्थापित परिवारों को दोबारा आश्रय की समस्या का सामना करना पड़ रहा है। ऑस्ट्रेलिया की समाचार एजेंसी एएपी की रिपोर्ट के मुताबिक, संयुक्त राष्ट्र ने हालिया बारिश के बाद पांच लोगों की मौत और हजारों परिवारों के आश्रय प्रभावित होने की जानकारी दी है।

चारों देशों ने इज़रायल से गाज़ा के सभी आवश्यक सीमा मार्ग खोलने और मानवीय राहत कार्यों तथा शुरुआती पुनर्वास के लिए जरूरी उन वस्तुओं को भी प्रवेश देने की मांग की है, जिन्हें दोहरे उपयोग वाली वस्तुओं (Dual-use items) की श्रेणी में रखा जाता है। उन्होंने सभी पक्षों से युद्धविराम का सम्मान करने, अंतरराष्ट्रीय मानवीय कानून का पालन करने और गाज़ा के लिए व्यापक शांति योजना को लागू करने की अपील भी की।

इससे पहले यूरोपीय संघ ने भी गाज़ा में मानवीय सहायता पहुंचाने के लिए तत्काल और निर्बाध रास्ता उपलब्ध कराने की मांग की थी। वहीं, इजरायल के ऑस्ट्रेलियाई दूतावास ने कहा है कि इजरायल गाज़ा में खाद्य सामग्री, पानी, चिकित्सा सहायता और आश्रय सामग्री पहुंचाने में सहयोग कर रहा है। दूतावास के अनुसार, सर्दियों से संबंधित राहत सामग्री के हजारों ट्रकों से जुड़े 820 से अधिक अनुरोधों को मंजूरी दी गई है। हालांकि, इनमें से कई खेप अभी गाज़ा नहीं पहुंची हैं।

 

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *