अमेरिका के प्यू रिसर्च सेंटर के अनुमानों के मुताबिक़, वर्ष 2020 में दुनिया में मुसलमानों की आबादी लगभग 2.02 अरब थी, जो 2070 तक बढ़कर करीब 3.64 अरब पहुंच सकती है। यह लगभग 80 प्रतिशत की वृद्धि होगी। इस दौरान दुनिया की कुल आबादी में मुसलमानों की हिस्सेदारी 25.6 प्रतिशत से बढ़कर 35.8 प्रतिशत होने का अनुमान है। वहीं, ईसाइयों की आबादी 2020 के 2.27 अरब से बढ़कर 2070 तक लगभग 2.96 अरब हो सकती है। हालांकि, वैश्विक आबादी में उनकी हिस्सेदारी लगभग स्थिर रहने का अनुमान है।
रिपोर्ट में यह भी कहा गया है कि दुनिया की कुल आबादी में हिंदुओं, बौद्धों और यहूदियों का हिस्सा कम हो सकता है। रिपोर्ट के कुछ और अहम अनुमानों के मुताबिक़, अमेरिका और कनाडा में ईसाई बहुसंख्यक नहीं रहेंगे। इसकी एक बड़ी वजह ऐसे लोगों की बढ़ती तादाद है, जो किसी भी मज़हब से अपना ताल्लुक़ नहीं बताते। प्यू के अनुमान के मुताबिक़, साल 2070 तक डेमोक्रेटिक रिपब्लिक ऑफ कांगो ईसाई आबादी के मामले में अमेरिका से आगे निकल सकता है। वहीं, अगर मौजूदा रुझान जारी रहे, तो 2070 तक पाकिस्तान दुनिया में सबसे ज़्यादा मुस्लिम आबादी वाला मुल्क बन सकता है। इसके बाद भारत और नाइजीरिया का नंबर हो सकता है। ग़ौरतलब है कि इस वक़्त दुनिया में सबसे ज़्यादा मुसलमान इंडोनेशिया में रहते हैं।

रिपोर्ट के मुताबिक, मुस्लिम आबादी में तेजी से बढ़ने के पीछे कई जनसांख्यिकीय कारण हैं। इनमें अपेक्षाकृत युवा आबादी, जन्म दर और प्रजनन दर प्रमुख हैं। प्यू के अनुसार, 2020 से 2025 के बीच मुस्लिम महिलाओं की औसत प्रजनन दर 3.1 बच्चे प्रति महिला रही, जबकि ईसाई महिलाओं में यह आंकड़ा 2.5 था। अन्य सभी धार्मिक समूहों को मिलाकर यह दर लगभग 1.6 बच्चे प्रति महिला रही। इसके अलावा, मृत्यु दर, धार्मिक परिवर्तन और अंतरराष्ट्रीय प्रवासन भी भविष्य की आबादी को प्रभावित करेंगे।

रिपोर्ट में मुस्लिम आबादी के भौगोलिक वितरण में बड़े बदलाव का भी अनुमान लगाया गया है। वर्तमान में सबसे अधिक मुस्लिम आबादी वाले देश इंडोनेशिया को वर्ष 2070 तक पाकिस्तान पीछे छोड़ सकता है। पाकिस्तान में मुसलमानों की संख्या 2020 के लगभग 22.7 करोड़ से बढ़कर 2070 तक 46.1 करोड़ होने का अनुमान है। वहीं, भारत भी दुनिया में सबसे अधिक मुस्लिम आबादी वाले देशों में दूसरे स्थान पर पहुंच सकता है। रिपोर्ट के मुताबिक़, 2070 तक भारत में मुस्लिम आबादी लगभग 33.4 करोड़ होने का अनुमान है।

प्यू रिसर्च सेंटर के मुताबिक, उप-सहारा अफ्रीका (Sub-Saharan Africa) भी आने वाले दशकों में मुस्लिम आबादी के विकास का एक प्रमुख केंद्र बनकर उभरेगा। 2070 तक दुनिया के लगभग एक-चौथाई मुसलमान इस क्षेत्र में रह सकते हैं। इसके विपरीत, एशिया-प्रशांत क्षेत्र में रहने वाले मुसलमानों की वैश्विक हिस्सेदारी घटकर लगभग आधी रह सकती है। हालांकि, शोध संस्थान ने स्पष्ट किया है कि ये आंकड़े भविष्य के अनुमान हैं, न कि निश्चित परिणाम। ये अनुमान जन्म दर, आयु संरचना, मृत्यु दर, प्रवासन और धार्मिक परिवर्तन जैसे कारकों पर आधारित हैं।
