फरीदाबाद में आग से 25 झुग्गियां जलकर राख, मुश्किल घड़ी में हिंदू-मुस्लिम एकता ने पेश की इंसानियत की मिसाल

फरीदाबाद: हरियाणा के फरीदाबाद स्थित मेवला महाराजपुर इलाके में दिवाली की रात लगी आग ने कई गरीब परिवारों को बेघर कर दिया। पटाखे से निकले रॉकेट के कारण लगी आग में करीब 25 झुग्गियां जलकर राख हो गईं। इस हादसे में प्रभावित परिवारों का घरेलू सामान, कपड़े, नकदी और जरूरी दस्तावेज भी नष्ट हो गए। हालांकि, इस मुश्किल घड़ी में स्थानीय हिंदू और मुस्लिम समुदाय के लोगों ने एकजुट होकर पीड़ित परिवारों की मदद की।

आग की घटना दिवाली की देर रात करीब तीन बजे हुई। शुरुआती जानकारी के मुताबिक, पटाखे से निकला एक रॉकेट झुग्गियों पर गिरा, जिसके बाद आग तेजी से आसपास की झुग्गियों में फैल गई। सूचना मिलने पर दमकल विभाग और पुलिस की टीमें मौके पर पहुंचीं। दमकल की करीब 10 से 12 गाड़ियों ने कई घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। हादसे में बड़े पैमाने पर आर्थिक नुकसान हुआ।

इस हादसे के बाद मेवला गांव के स्थानीय लोगों ने इंसानियत और भाईचारे की मिसाल पेश की। हिंदू और मुस्लिम समुदाय के लोगों ने बिना किसी धार्मिक भेदभाव के प्रभावित परिवारों की सहायता की। जिन लोगों के घर आग में जल गए थे, उन्हें स्थानीय निवासियों ने अपने घरों में रहने के लिए जगह दी।

इसके अलावा पीड़ितों के लिए खाने-पीने की चीजों, कपड़ों और कंबल का इंतजाम भी किया गया।
पीड़ित परिवारों की मदद के लिए जमीयत उलमा फरीदाबाद भी आगे आई। संगठन ने 17 नवंबर को प्रभावित परिवारों के बीच राशन, कंबल, कपड़े और रोजमर्रा की जरूरत का सामान वितरित किया।

जमीयत की ओर से जली हुई 25 झुग्गियों को दोबारा बनवाने का भी ऐलान किया गया है। इसके लिए चादर और टीन शेड सहित जरूरी निर्माण सामग्री पर करीब डेढ़ लाख रुपये खर्च होने का अनुमान बताया गया है।

रिपोर्ट के मुताबिक, इस बस्ती में कुल 23 परिवार रहते हैं, जिनमें चार हिंदू और बाकी मुस्लिम परिवार हैं। आग ने इन परिवारों की वर्षों की मेहनत और जमा पूंजी को नुकसान पहुंचाया, लेकिन स्थानीय लोगों के सहयोग ने उन्हें फिर से जिंदगी शुरू करने की उम्मीद दी है। फरीदाबाद की यह घटना बताती है कि मुश्किल वक्त में धर्म और जाति से ऊपर उठकर एक-दूसरे की मदद करना ही सच्ची इंसानियत और सामाजिक एकता की पहचान है।

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *