गाज़ा पट्टी में जारी इज़रायली सैन्य हमलों के बीच स्वास्थ्य सेवाओं को भारी नुकसान पहुंचा है। फिलिस्तीनी नर्सिंग एसोसिएशन (PNA) ने दावा किया है कि गाज़ा में युद्ध के दौरान इज़रायली सेना के हमलों में अब तक 1,700 स्वास्थ्यकर्मियों और नर्सिंग स्टाफ की मौत हो चुकी है।
बुधवार को जारी अपने बयान में एसोसिएशन ने अंतरराष्ट्रीय समुदाय से अस्पतालों और स्वास्थ्य केंद्रों में काम करने वाले कर्मचारियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने की अपील की। संगठन ने उन स्वास्थ्यकर्मियों के बारे में भी जानकारी जुटाने की मांग की, जो अब तक लापता हैं और जिनका कोई पता नहीं चल पाया है।
एसोसिएशन के मुताबिक, लगातार इज़रायली हमलों और दवाइयों तथा चिकित्सा उपकरणों की भारी कमी के बावजूद डॉक्टर और नर्स मरीजों एवं घायलों का इलाज जारी रखे हुए हैं। गंभीर परिस्थितियों में भी स्वास्थ्यकर्मी अपनी जिम्मेदारियां निभा रहे हैं।
![]()
PNA ने गाजा की स्वास्थ्य व्यवस्था पर लगाए गए इज़रायली प्रतिबंधों को व्यापक नाकेबंदी बताते हुए चेतावनी दी कि इससे चिकित्सा सेवाएं बुरी तरह प्रभावित हो रही हैं। संगठन का कहना है कि दवाइयों, चिकित्सा उपकरणों और आवश्यक सुविधाओं की कमी के कारण मरीजों को गंभीर मुश्किलों का सामना करना पड़ रहा है।
बयान में यह भी कहा गया कि गाज़ा में 21,000 से अधिक मरीजों को ऐसे इलाज की तत्काल जरूरत है, जो फिलहाल तटीय क्षेत्र के बाहर ही उपलब्ध हो सकता है। एसोसिएशन ने अंतरराष्ट्रीय समुदाय से इन मरीजों को बाहर जाकर इलाज कराने की सुविधा उपलब्ध कराने और गाजा के स्वास्थ्यकर्मियों तथा चिकित्सा संस्थानों की सुरक्षा के लिए तत्काल कदम उठाने की अपील की।
