राजस्थान के टोंक जिले से एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है। यहां पंचायत चुनाव में भाजपा प्रत्याशी की हार के कुछ ही घंटे बाद गांवों और ढाणियों में लगी करीब 50 स्ट्रीट लाइटें हटा दी गईं। इस कार्रवाई के बाद ग्रामीणों में भारी नाराजगी देखने को मिल रही है। लोगों का आरोप है कि चुनाव में हार का खामियाजा अब पूरे गांव को भुगतना पड़ रहा है।
मामला पीपलू पंचायत समिति के वार्ड नंबर-2 का है। यहां निवाई से भाजपा विधायक रामसहाय वर्मा के निजी सहायक (PA) आलोक शर्मा की पत्नी प्रियंका शर्मा भाजपा प्रत्याशी के रूप में चुनाव लड़ रही थीं। बताया जा रहा है कि प्रियंका शर्मा को चुनाव में 751 वोटों से हार का सामना करना पड़ा। ग्रामीणों के मुताबिक, दीपावली से पहले 24 अक्टूबर को क्षेत्र के गांवों और ढाणियों में करीब 50 रोड लाइटें लगवाई गई थीं, जिससे लोगों को रात में अंधेरे से राहत मिली थी।

ग्रामीणों और वार्ड पंच कजोड़ प्रजापत का आरोप है कि 20 नवंबर को चुनाव परिणाम घोषित होने के महज तीन घंटे बाद बिजली निगम की टीम वाहन लेकर पहुंची और एक-एक करके करीब 50 स्ट्रीट लाइटें खोलकर ले गई। इसके बाद हनीफगंज और कुम्हारों की ढाणी सहित आसपास के इलाकों में फिर से अंधेरा छा गया।
लाइटें हटाए जाने से नाराज ग्रामीणों ने बिजली विभाग की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए हैं। उनका कहना है कि यदि ये लाइटें अवैध तरीके से लगाई गई थीं, तो विभाग ने इन्हें लगाते समय कार्रवाई क्यों नहीं की? करीब एक महीने तक लाइटें लगी रहीं, लेकिन चुनाव परिणाम आने के तुरंत बाद ही इन्हें हटाने की कार्रवाई क्यों की गई? ग्रामीणों ने यह भी सवाल उठाया है कि क्या यह कार्रवाई किसी दबाव में की गई?
वहीं, बिजली निगम पीपलू के एईएन गोवर्धन चौधरी के अनुसार, जिन स्थानों पर अवैध तरीके से लाइटें लगाई गई हैं, वहां विभाग की टीम भेजकर उन्हें हटाया जाएगा। विभाग का कहना है कि लाइटें नियमों के विरुद्ध लगाई गई थीं। हालांकि, ग्रामीणों के आरोपों और कार्रवाई के समय को लेकर विवाद बना हुआ है। फिलहाल इस मामले में विधायक पक्ष की ओर से कोई विस्तृत प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।
