उत्तर प्रदेश के बाराबंकी में एक शिक्षक के साथ कथित मारपीट का मामला सामने आया है। मुस्लिम शिक्षक की पहचान मोहम्मद अफज़ाल के रूप में हुई है। आरोप है कि उनके साथ यह घटना उस समय हुई, जब वह अपनी पत्नी के साथ कमरियाबाग इलाके में खरीदारी के लिए जा रहे थे।
प्रत्यक्षदर्शियों और शिकायत के आधार पर सामने आई जानकारी के मुताबिक, अफज़ाल ने आरोप लगाया कि बबलू ठाकुर ने उनकी दाढ़ी और टोपी को लेकर आपत्तिजनक टिप्पणियां कीं। इसके बाद विवाद बढ़ गया और आरोपी ने कथित तौर पर उन पर ईंट से हमला कर दिया। घटना के दौरान अफजाल को चोटें आईं।
इस मामले में एक अहम बात यह भी सामने आई है कि पुलिस के अनुसार, अफज़ाल के स्कूटर का पहिया आरोपी के पैर पर चढ़ गया था, जिसके बाद दोनों के बीच विवाद शुरू हुआ। हालांकि, धार्मिक पहचान को लेकर टिप्पणी किए जाने का आरोप पीड़ित ने अपनी शिकायत में लगाया है।
मोहम्मद अफज़ाल की शिकायत पर कोतवाली नगर पुलिस ने बबलू ठाकुर के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धाराओं 115, 352, 351 और 324 के तहत मुकदमा दर्ज किया है। अपर पुलिस अधीक्षक मोहम्मद आफताब आलम के मुताबिक, पुलिस मामले की जांच कर रही है। रिपोर्ट के अनुसार, अफज़ाल के हाथ में फ्रैक्चर भी हुआ है।
