महाराष्ट्र के नागपुर की एक विशेष अदालत ने केरल के स्वतंत्र पत्रकार और सामाजिक कार्यकर्ता रेजाज़ एम. शीबा सिद्दीक (Rejaz M. Sheeba Sydeek) को बड़ी राहत देते हुए उनके खिलाफ गैरकानूनी गतिविधियां (रोकथाम) अधिनियम यानी UAPA के तहत लगाए गए दो आरोपों को हटा दिया है। पत्रकार करीब 18 महीने से जेल में बंद थे। अदालत ने 20 नवंबर 2026 को यह फैसला सुनाया गया।
रेजाज़ को 7 मई 2025 को नागपुर में गिरफ्तार किया गया था। बाद में महाराष्ट्र आतंकवाद निरोधक दस्ते (ATS) ने मामले की जांच अपने हाथ में लेते हुए उन पर UAPA की धारा 38 और 39 के तहत आरोप लगाए थे। जांच एजेंसियों ने उन पर प्रतिबंधित संगठन CPI (Maoist) से कथित संबंध रखने और उसके समर्थन में गतिविधियां करने के आरोप लगाए थे। हालांकि, ये जांच एजेंसी के आरोप थे, अदालत में साबित हुए तथ्य नहीं।
मामले की सुनवाई के दौरान पत्रकार के वकील ने दलील दी कि महाराष्ट्र सरकार ने UAPA के तहत अभियोजन की अनिवार्य मंजूरी देने में निर्धारित समय-सीमा का पालन नहीं किया। अदालत ने पाया कि संबंधित अधिकारियों ने मंजूरी की प्रक्रिया में तय समय-सीमा का उल्लंघन किया था। इसके बाद विशेष अदालत ने UAPA की दोनों धाराओं के तहत उन्हें आरोपमुक्त कर दिया। हालांकि, अदालत ने भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 152 और 353(1) के तहत आगे की कार्रवाई जारी रखने का निर्देश दिया।
UAPA के आरोप हटने के बावजूद रिहाई नहीं हुई है। रेजाज अभी भी नागपुर सेंट्रल जेल में बंद हैं और उनके खिलाफ BNS की धाराओं के तहत कानूनी कार्यवाही जारी रहेगी। उनकी जमानत याचिका पर सुनवाई भी लंबित है। गौरतलब है कि रेजाज़ ने Maktoob Media और The Observer Post जैसे स्वतंत्र मीडिया संस्थानों के लिए काम किया है। उनकी पत्रकारिता का मुख्य फोकस मानवाधिकार, सामाजिक भेदभाव और वंचित समुदायों से जुड़े मुद्दे रहे हैं।
