तेल अवीव: इज़रायल की संसद (नेसेट) में मस्जिदों के लाउडस्पीकरों से अज़ान प्रसारित करने पर प्रतिबंध लगाने की कोशिश को बड़ा झटका लगा है। बुधवार को संसद में पेश विवादित विधेयक को सांसदों ने बहुमत से खारिज कर दिया। बिल के विरोध में 63 सांसदों ने वोट दिया, जबकि 45 सांसदों ने इसके समर्थन में मतदान किया।
यह विवादित विधेयक राष्ट्रीय सुरक्षा मंत्री इतामार बेन-ग्विर की दक्षिणपंथी पार्टी ‘ओत्ज़मा येहुदित’ के समर्थन से लाया गया था। इसका उद्देश्य मस्जिदों में लाउडस्पीकर लगाने और उनके इस्तेमाल को नियंत्रित करना था।
प्रस्तावित कानून के तहत मस्जिदों को लाउडस्पीकर चलाने के लिए पर्यावरण संरक्षण मंत्री से विशेष अनुमति लेनी पड़ती। इसके अलावा पुलिस को लाउडस्पीकर बंद कराने, उपकरण जब्त करने और नियमों का उल्लंघन करने पर 50 हजार शेकेल (करीब 15,800 डॉलर) तक का जुर्माना लगाने का अधिकार देने का प्रस्ताव था।

संसद में बेन-ग्विर और अरब सांसदों के बीच तीखी बहस
बिल पर मतदान से पहले संसद में जमकर हंगामा हुआ। हिब्रू मीडिया रिपोर्टों के मुताबिक, बहस के दौरान बेन-ग्विर की अरब सांसदों के साथ तीखी नोकझोंक हुई। उन्होंने अरब सांसदों को ‘आतंकवाद समर्थक’ कहा। इसके अलावा डिप्टी स्पीकर ईतान गिन्जबर्ग का अपमान करने के बाद उन्हें संसद कक्ष से बाहर जाने का आदेश दिया गया।
इसके बाद बेन-ग्विर ने वहां मौजूद अन्य मंत्रियों को भी संसद कक्ष छोड़ने का निर्देश दिया।
किन दलों ने किया विरोध?
इस विधेयक का अरब सांसदों के अलावा कई विपक्षी दलों ने भी विरोध किया। इनमें यिसराइल बेतेनु, याशर और बियाचद जैसे दल शामिल थे। हिब्रू मीडिया के अनुसार, अल्ट्रा-ऑर्थोडॉक्स यूनाइटेड तोराह जूडिज्म पार्टी के अधिकांश सांसद मतदान के दौरान अनुपस्थित रहे।
बिल खारिज होने के बाद ओत्ज़मा येहुदित ने विपक्षी सांसदों पर दोहरे मापदंड अपनाने का आरोप लगाया। पार्टी ने विशेष रूप से यिसराइल बेतेनु के नेता एविग्डोर लिबरमैन को निशाने पर लिया और कहा कि उनकी पार्टी पिछली संसद में इसी तरह के कानून का समर्थन कर चुकी है।
हालांकि, बिल खारिज होने के बावजूद ओत्ज़मा येहुदित ने स्पष्ट किया है कि वह मस्जिदों के लाउडस्पीकरों से होने वाले कथित अत्यधिक शोर के खिलाफ ऐसे कदम उठाने की कोशिश जारी रखेगी।
संसद में इस विधेयक का खारिज होना फिलहाल मस्जिदों से अज़ान पर प्रस्तावित पाबंदियों के प्रयास के खिलाफ एक अहम राजनीतिक घटनाक्रम माना जा रहा है।
