संविधान दिवस पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गुरुवार को लोगों को बधाई धी। पीएम मोदी ने संविधान के निर्माण में योगदान के लिए डॉ. बी.आर. अंबेडकर और संविधान सभा के सदस्यों को नमन किया।
अपने सोशल मीडिया एक्स (ट्विटर) पर एक पोस्ट के जरिए पीएम मोदी ने संविधान को भारतीय लोकतंत्र की एक अमूल्य विरासत बताया। पीएम ने कहा कि यह देश के ‘विकसित राष्ट्र’ बनने के संकल्प का मार्गदर्शन करता रहेगा। संविधान दिवस पर सभी देशवासियों को हार्दिक बधाई।
भारत में आज 26 नवंबर को संविधान दिवस मनाया जा रहा है। यह दिन हर भारतीय को देश के संविधान, लोकतांत्रिक अधिकारों, नागरिक कर्तव्यों और संवैधानिक मूल्यों की याद दिलाता है। इसे राष्ट्रीय कानून दिवस के नाम से भी जाना जाता है। इसी ऐतिहासिक दिन 26 नवंबर 1949 को भारत की संविधान सभा ने देश के संविधान को औपचारिक रूप से स्वीकार किया था।
भारत सरकार ने वर्ष 2015 में 26 नवंबर को आधिकारिक तौर पर संविधान दिवस के रूप में मनाने की शुरुआत की थी। इसका प्रमुख उद्देश्य संविधान निर्माता डॉ. भीमराव अंबेडकर के अतुलनीय योगदान को सम्मान देना और देश के नागरिकों के बीच संविधान के प्रति जागरूकता बढ़ाना है।

26 नवंबर को ही क्यों मनाया जाता है संविधान दिवस?
अक्सर लोगों के मन में सवाल उठता है कि जब भारतीय संविधान 26 जनवरी 1950 को लागू हुआ, तो संविधान दिवस 26 नवंबर को क्यों मनाया जाता है? दरअसल, 26 नवंबर 1949 को संविधान सभा ने भारतीय संविधान को अपनाया था। इसी ऐतिहासिक घटना की याद में हर साल 26 नवंबर को संविधान दिवस मनाया जाता है।
संविधान को तैयार करने में संविधान सभा को लगभग 2 साल, 11 महीने और 18 दिन का समय लगा था। संविधान सभा के सदस्यों ने देश की विविधता, सामाजिक समानता, न्याय, स्वतंत्रता और लोकतांत्रिक व्यवस्था को ध्यान में रखते हुए इस ऐतिहासिक दस्तावेज को तैयार किया।
इसके बाद 24 जनवरी 1950 को संविधान सभा की अंतिम बैठक हुई, जिसमें संविधान की हस्तलिखित प्रतियों पर सदस्यों ने हस्ताक्षर किए। अंततः 26 जनवरी 1950 को भारतीय संविधान पूरे देश में लागू हो गया। इसी दिन को गणतंत्र दिवस के रूप में मनाया जाता है।

संविधान दिवस का क्या है महत्व?
संविधान दिवस केवल एक ऐतिहासिक तारीख नहीं, बल्कि भारतीय लोकतंत्र की नींव और देश के नागरिकों के अधिकारों एवं कर्तव्यों को याद करने का अवसर है। यह दिन हमें समानता, स्वतंत्रता, न्याय और बंधुत्व जैसे संवैधानिक आदर्शों को अपने जीवन में अपनाने की प्रेरणा देता है।
डॉ. भीमराव अंबेडकर सहित संविधान सभा के सभी सदस्यों के योगदान को याद करते हुए देशभर में इस अवसर पर विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाते हैं। स्कूलों, कॉलेजों और सरकारी संस्थानों में संविधान की प्रस्तावना का पाठ, जागरूकता कार्यक्रम और विशेष आयोजन किए जाते हैं।
भारतीय संविधान ने देश के हर नागरिक को समान अधिकार और लोकतांत्रिक व्यवस्था में भागीदारी का अवसर दिया है। यही वजह है कि 26 नवंबर का दिन भारत के इतिहास में विशेष महत्व रखता है।
