जयपुर में 28-29 नवंबर को होगा MSO का राष्ट्रीय डेलीगेट अधिवेशन, देशभर के 42 प्रतिनिधि लेंगे हिस्सा

चार सत्रों में छह प्रमुख विषयों पर होगी चर्चा, सूफीवाद, आध्यात्मिक इस्लाम, सोशल मीडिया के सकारात्मक उपयोग और संगठनात्मक विस्तार पर होगा मंथन। 

जयपुर, 27 नवंबर 2026: मुस्लिम स्टूडेंट्स ऑर्गनाइजेशन ऑफ इंडिया (MSO) का वार्षिक राष्ट्रीय डेलीगेट अधिवेशन 28 और 29 नवंबर को जयपुर में आयोजित किया जाएगा। दो दिवसीय इस अधिवेशन में देश के विभिन्न विश्वविद्यालयों और शैक्षणिक संस्थानों से एमएसओ के 42 राष्ट्रीय प्रतिनिधि हिस्सा लेंगे। इस दौरान संगठन की भावी रणनीति, युवाओं की भूमिका, शिक्षा, सामाजिक सद्भाव, सूफीवाद और समकालीन चुनौतियों सहित छह प्रमुख विषयों पर चार विशेष सत्रों में चर्चा की जाएगी।

इस राष्ट्रीय अधिवेशन में अलीगढ़ मुस्लिम विश्वविद्यालय (AMU), जामिया मिल्लिया इस्लामिया, दिल्ली विश्वविद्यालय, जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय (JNU), मौलाना आजाद नेशनल उर्दू यूनिवर्सिटी हैदराबाद, इंटीग्रल यूनिवर्सिटी लखनऊ, उस्मानिया यूनिवर्सिटी हैदराबाद, राजस्थान यूनिवर्सिटी, बरकतुल्लाह यूनिवर्सिटी भोपाल, पटना यूनिवर्सिटी, जादवपुर यूनिवर्सिटी कोलकाता सहित देश के विभिन्न विश्वविद्यालयों और संस्थानों से प्रतिनिधि शामिल होंगे।

अधिवेशन का एक प्रमुख सत्र ‘पॉलिटिकल इस्लाम और स्पिरिचुअल इस्लाम: युवाओं के सामने वैचारिक चुनौतियां’ विषय पर केंद्रित होगा। इस सत्र को अलीगढ़ मुस्लिम विश्वविद्यालय के प्रोफेसर मोहम्मद मुहिबुल हक संबोधित करेंगे। वे इस्लाम की आध्यात्मिक परंपराओं, सूफी विचारधारा और समकालीन सामाजिक-राजनीतिक विमर्श के विभिन्न पहलुओं पर अपने विचार रखेंगे। इसी क्रम में ‘सोशल मीडिया का सकारात्मक उपयोग और नैरेटिव बिल्डिंग’ विषय पर वरिष्ठ पत्रकार प्रशांत टंडन, नई दिल्ली, का विशेष संबोधन होगा। वह डिजिटल मीडिया के बदलते स्वरूप, सोशल मीडिया की प्रभावशाली भूमिका, सकारात्मक विमर्श के निर्माण और युवाओं की डिजिटल जिम्मेदारियों पर चर्चा करेंगे।

अधिवेशन के एक अन्य महत्वपूर्ण सत्र में समकालीन दौर में सूफीवाद की प्रासंगिकता और समाज में बढ़ती कट्टरता के मुकाबले प्रेम, सहिष्णुता एवं आध्यात्मिक मूल्यों की भूमिका पर चर्चा होगी। इस विषय पर मौलाना नबील अजहरी संबोधित करेंगे। उनका संबोधन सूफी परंपरा के मानवीय और आध्यात्मिक संदेश तथा सामाजिक सौहार्द को मजबूत करने में उसकी भूमिका पर केंद्रित होगा। इसके अतिरिक्त जामिया मिल्लिया इस्लामिया से जुड़े मोहम्मद मुदस्सर अशरफी, मुदब्बिर अली चौधरी और काशिफ खान कादरी भी विभिन्न विषयों पर अपने विचार रखेंगे।

अधिवेशन का एक विशेष सत्र संगठनात्मक गतिविधियों, कार्यप्रणाली और भविष्य की योजनाओं पर केंद्रित होगा। इसे एमएसओ के चेयरमैन डॉ. शुजात अली कादरी संबोधित करेंगे। इस सत्र में संगठन के विस्तार, युवाओं की भागीदारी, शैक्षणिक एवं सामाजिक पहलों और आगामी कार्यक्रमों की रूपरेखा पर विचार-विमर्श किया जाएगा। एमएसओ के राष्ट्रीय अध्यक्ष आरिफ कादरी ने अधिवेशन के उद्देश्य पर प्रकाश डालते हुए कहा कि इस सम्मेलन का मुख्य मकसद संगठन के आने वाले एक वर्ष की कार्ययोजना तैयार करना है। एमएसओ अपने कैडर को समुदाय और देश की सेवा के लिए तैयार करना चाहता है, ताकि युवा सामाजिक जिम्मेदारियों को समझते हुए राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भूमिका निभा सकें।

उन्होंने कहा कि आज के दौर में युवाओं के सामने वैचारिक, सामाजिक और डिजिटल माध्यमों से जुड़ी कई चुनौतियां हैं। ऐसे में युवाओं को सकारात्मक सोच, शिक्षा, आपसी सद्भाव और राष्ट्रीय जिम्मेदारी के साथ आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करना आवश्यक है। यह अधिवेशन संगठन के कार्यकर्ताओं को एक साझा दृष्टिकोण और भविष्य की स्पष्ट दिशा प्रदान करेगा।

सूफी परंपरा, शिक्षा और सामाजिक सद्भाव के लिए प्रतिबद्ध संगठन
मुस्लिम स्टूडेंट्स ऑर्गनाइजेशन ऑफ इंडिया (MSO) एक सूफी-सुन्नी विचारधारा से जुड़ा छात्र एवं युवा संगठन है। संगठन का उद्देश्य छात्रों और युवाओं के बीच प्रेम, भाईचारे, सामाजिक सद्भाव और सूफीवाद की शिक्षाओं का प्रसार करना है। इसके साथ ही संगठन कट्टरपंथी विचारधाराओं के मुकाबले आध्यात्मिक मूल्यों, आपसी संवाद और सहिष्णुता को प्रोत्साहित करने, युवाओं को शिक्षा एवं करियर निर्माण के क्षेत्र में मार्गदर्शन देने तथा उन्हें समाज और राष्ट्र के प्रति जिम्मेदार नागरिक बनाने के लिए विभिन्न गतिविधियां संचालित करता है।

 

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *