गाज़ा की महिलाओं और बच्चियों पर इज़रायली सितम की इंतिहा, एमनेस्टी ने बताई इज़रायली नरसंहार की भयावह कहानी

रिपोर्ट में हत्या, जबरन विस्थापन, भुखमरी और स्वास्थ्य सेवाओं के विनाश को लेकर गंभीर चिंता जताई गई; 22 हजार से अधिक महिलाओं और बच्चियों की मौत का दावा।

गाज़ा में फिलिस्तीनी महिलाओं और बच्चियों की बदतर होती स्थिति को लेकर मानवाधिकार संगठन एमनेस्टी इंटरनेशनल ने एक नई विस्तृत रिपोर्ट जारी की है। 25 नवंबर 2026 को प्रकाशित 135 पन्नों की इस रिपोर्ट का शीर्षक ‘नो कंडीशंस फॉर लाइफ: वीमेन, गर्ल्स एंड द जेंडर्ड डायमेंशन्स ऑफ इजरायल्स जेनोसाइड, अगेंस्ट फिलिस्तीनियंस इन गाज़ा’ है। रिपोर्ट में कहा गया है कि अक्टूबर 2023 से जारी इजरायली सैन्य कार्रवाई के दौरान महिलाओं और बच्चियों को हत्या, चोट, जबरन विस्थापन, भुखमरी और बुनियादी स्वास्थ्य सुविधाओं से वंचित किए जाने जैसी गंभीर परिस्थितियों का सामना करना पड़ा है। संगठन के मुताबिक, अक्टूबर 2025 में हुए युद्धविराम के बाद भी उनकी मुश्किलें खत्म नहीं हुई हैं।

एमनेस्टी ने गाज़ा के स्वास्थ्य मंत्रालय के आंकड़ों का हवाला देते हुए बताया कि 7 अक्टूबर 2023 से 1 अक्टूबर 2026 के बीच इजरायली हमलों में मारे गए 74,237 फिलिस्तीनियों में 22,331 महिलाएं और बच्चियां शामिल थीं। यह कुल मौतों का लगभग 30.1 प्रतिशत है। रिपोर्ट के अनुसार, युद्ध के शुरुआती दो वर्षों में प्रतिदिन औसतन 30 महिलाओं और बच्चियों की जान गई। अक्टूबर 2025 के युद्धविराम से लेकर 1 अक्टूबर 2026 तक भी 274 महिलाओं और बच्चियों की मौत दर्ज की गई।

एमनेस्टी ने यह भी बताया कि युद्ध से पहले गाज़ा में इन विट्रो फर्टिलाइजेशन (IVF) की सुविधा देने वाले कम से कम नौ केंद्र संचालित थे, लेकिन इजरायली हमलों के बाद सभी की सेवाएं बंद हो गईं। इन केंद्रों में रखे हजारों भ्रूण और अन्य प्रजनन सामग्री भी नष्ट हो गई। रिपोर्ट के मुताबिक, दवाइयों और चिकित्सा सुविधाओं की कमी, लगातार विस्थापन और मानसिक तनाव ने महिलाओं की गर्भधारण करने और सुरक्षित रूप से बच्चे को जन्म देने की क्षमता को गंभीर रूप से प्रभावित किया है। एमनेस्टी ने आशंका जताई है कि इन परिस्थितियों के पीछे जन्म रोकने के उद्देश्य से उठाए गए कदम भी हो सकते हैं और इसकी अंतरराष्ट्रीय स्तर पर जांच होनी चाहिए। हालांकि, संगठन ने स्पष्ट किया कि वह इस विशिष्ट इरादे की निर्णायक पुष्टि नहीं कर सका है।

 

रिपोर्ट तैयार करने के लिए एमनेस्टी इंटरनेशनल ने अक्टूबर 2023 से अक्टूबर 2026 के बीच 228 लोगों के साक्षात्कार किए। इनमें महिलाएं, बच्चियां, स्वास्थ्यकर्मी, संयुक्त राष्ट्र और गैर-सरकारी संगठनों के कर्मचारी शामिल थे। संगठन ने अंतरराष्ट्रीय समुदाय से इजरायल को हथियारों की आपूर्ति रोकने, जिम्मेदार अधिकारियों पर प्रतिबंध लगाने, गाज़ा में मानवीय सहायता पहुंचाने और अंतरराष्ट्रीय अपराधों की निष्पक्ष जांच सुनिश्चित करने की अपील की है। एमनेस्टी की महासचिव एग्नेस कैलामार्ड ने कहा कि गाज़ा की महिलाओं और बच्चियों को केवल जीवित रहने का नहीं, बल्कि सम्मान और सुरक्षा के साथ भविष्य जीने का अधिकार है।

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *