गाज़ा में जारी हमलों के बीच युद्धविराम की बातचीत से इनकार : बसेम नाइम

गाज़ा में इज़राइल के बढ़ते हमलों के बीच हमास के वरिष्ठ नेता बसेम नाइम का बड़ा बयान सामने आया है। नाइम ने साफ़ चेतावनी दी है कि युद्धविराम की बात करना सिर्फ़ इज़राइल का झूठा दिखावा है, ताकि वह अपनी करतूतों और साज़िशों को छिपा सके।

अरबी चैनल अल-अरबी को दिए इंटरव्यू में नाइम ने कहा कि गाज़ा सिटी पर जारी इज़राइली ऑपरेशन का सामना भीषण प्रतिरोध से किया जाएगा। उन्होंने तीखे अंदाज़ में इज़राइल को आगाह करते हुए कहा – “हमारे लोगों पर होने वाला हर ज़ुल्म, सीधे-सीधे इज़राइली बंदियों पर असर डालेगा।”

नाइम ने यह भी दोहराया कि मौजूदा सैन्य हमलों और लगातार जारी आक्रामक कार्रवाइयों के बीच किसी तरह की बातचीत बिल्कुल बेकार है। उन्होंने क़तर के रुख़ का समर्थन करते हुए कहा कि बातचीत का नाम लेकर इज़राइल समय ख़रीदना चाहता है, लेकिन हमास इस जाल में नहीं फँसेगा।

नाइम का यह बयान ऐसे समय में आया है जब गाज़ा की ज़मीन खून और धुएँ से भर चुकी है। इज़राइली हमलों ने हालात और भी ख़तरनाक बना दिए हैं और आम लोग दहशत में जीने को मजबूर हैं। गाज़ा में हर दिन मौत और विनाश का नया मंजर दिखाई दे रहा है।

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *