UNRWA प्रमुख का आरोप: इज़राइल की कार्रवाई UN नियमों का उल्लंघन

Reading time : 0 minutes

जिनेवा: संयुक्त राष्ट्र राहत एवं कार्य एजेंसी (UNRWA) के प्रमुख फिलिप लाज़ारिनी के मुताबिक इज़राइल द्वारा UNRWA के मुख्यालय को निशाना बनाना संयुक्त राष्ट्र के विशेषाधिकारों और प्रतिरक्षाओं का खुला उल्लंघन है। यह बयान उन्होंने सोमवार को जिनेवा में आयोजित ग्लोबल रिफ्यूजी फोरम के दौरान दिया।

लाज़ारिनी ने बताया कि कब्ज़े वाले फ़िलिस्तीनी इलाक़ों में काम करना पहले से ही मुश्किल है और ऐसे हालात में UNRWA की मानवीय सेवाओं पर लगातार हमले हो रहे हैं। उन्होंने कहा कि राजनीतिक समाधान न होने के बावजूद UNRWA पिछले 75 वर्षों से फ़िलिस्तीनी शरणार्थियों को ज़रूरी सेवाएं देता आ रहा है।

UNRWA आज भी गाज़ा, कब्ज़े वाले पश्चिमी तट, लेबनान, सीरिया और जॉर्डन में लाखों शरणार्थियों को स्वास्थ्य और शिक्षा जैसी अहम सेवाएं प्रदान कर रहा है। लाज़ारिनी के अनुसार, पिछले सप्ताह इज़राइली पुलिस और नगर पालिका के अधिकारी पूर्वी यरुशलम में स्थित UNRWA मुख्यालय में ज़बरन दाख़िल हुए। इस दौरान एजेंसी की संपत्तियां ज़ब्त की गईं और संयुक्त राष्ट्र का झंडा हटाकर वहां इज़राइली झंडा लगा दिया गया।

उन्होंने बताया कि गाज़ा में अब तक UNRWA के 380 से अधिक कर्मचारियों की जान जा चुकी है और पिछले दो वर्षों में एजेंसी की 300 से ज़्यादा इमारतें क्षतिग्रस्त या नष्ट हो चुकी हैं। इसके अलावा, इज़राइल के घरेलू क़ानूनों के कारण UNRWA के अंतरराष्ट्रीय कर्मचारियों को कब्ज़े वाले फ़िलिस्तीनी क्षेत्र से बाहर कर दिया गया है।

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *