बिहार के गोपालगंज के एक छोटे से मोहल्ले से निकलकर आईपीएल तक का सफर तय करना आसान नहीं होता, लेकिन साकिब हुसैन ने इसे अपने जज़्बे और मेहनत से संभव कर दिखाया है। आईपीएल 2026 की मिनी नीलामी में सनराइजर्स हैदराबाद ने उन्हें उनके बेस प्राइस 30 लाख रुपये में अपनी टीम में शामिल किया, जो साकिब के लिए सपनों के सच होने जैसा पल है।
साकिब का बचपन आर्थिक तंगी में बीता। परिवार की हालत इतनी कमजोर थी कि क्रिकेट खेलने के लिए जरूरी जूते तक खरीदना मुश्किल था। ऐसे हालात में उनकी मां ने अपने गहने बेचकर बेटे के लिए क्रिकेट शूज खरीदे, ताकि उसका सपना अधूरा न रह जाए। यही त्याग और समर्थन साकिब की सबसे बड़ी ताकत बना।
घरेलू क्रिकेट में लगातार अच्छे प्रदर्शन के दम पर साकिब ने पहचान बनाई। उनकी तेज रफ्तार गेंदबाजी ने चयनकर्ताओं का ध्यान खींचा। वह पहले कोलकाता नाइट राइडर्स का हिस्सा रह चुके हैं और चेन्नई सुपर किंग्स के लिए नेट बॉलर की भूमिका भी निभा चुके हैं।
अब सनराइजर्स हैदराबाद ने उन पर भरोसा जताया है। साकिब की यह कहानी न सिर्फ बिहार बल्कि देश के उन तमाम युवाओं के लिए प्रेरणा है, जो सीमित संसाधनों के बावजूद बड़े सपने देखते हैं। मेहनत, धैर्य और परिवार के साथ से हर मंज़िल पाई जा सकती है, साकिब हुसैन इसकी जीती-जागती मिसाल हैं।
