फ़िलिस्तीन इन्फ़ॉर्मेशन सेंटर में प्रकाशित रिपोर्ट के अनुसार, इज़राइल ने पूर्वी यरुशलम में एक नई अवैध यहूदी बस्ती बसाने की तैयारी तेज़ कर दी है। इस योजना के तहत 3,380 दूनम फ़िलिस्तीनी ज़मीन को “राज्य भूमि” घोषित किया गया है। इस फ़ैसले को इज़राइल के कट्टरपंथी वित्त मंत्री बेज़लेल स्मोट्रिच ने मंज़ूरी दी है।
इज़राइल के एक चैनल 7 के मुताबिक़, नई बस्ती का नाम मिशमार यहूदा होगा, जिसे पूर्वी यरुशलम में कब्ज़ाई गई फ़िलिस्तीनी ज़मीन पर बनाया जाएगा। इस बस्ती में लगभग 3,600 आवासीय इकाइयाँ बनाई जाएँगी। रिपोर्ट में यह भी बताया गया है कि फरवरी 2024 में इज़राइली कूटनीतिक–सुरक्षा कैबिनेट ने इस बस्ती की स्थापना की घोषणा की थी, जिसके बाद से इसके निर्माण से जुड़े सभी काम तेज़ी से आगे बढ़ रहे हैं।
स्मोट्रिच ने इस परियोजना को एक बड़ा और योजनाबद्ध शहर बताया, जो पूर्व की ओर से यरुशलम को सुरक्षित करने के लिए रणनीतिक रूप से अहम होगा। उन्होंने इसे क्षेत्र में इज़राइल की वास्तविक संप्रभुता को आगे बढ़ाने और पश्चिमी तट व यरुशलम में अरब राज्य की संभावना को रोकने वाला क़दम भी क़रार दिया।
हैरत की बात तो यह है कि हाल ही में इज़राइल की सुरक्षा कैबिनेट ने कब्ज़े वाले पश्चिमी तट में 19 नई यहूदी बस्तियों की स्थापना को भी मंज़ूरी दी है, जिनमें गनीम और कादीम जैसी बस्तियाँ शामिल हैं।
