सिलवान में इज़राइली कार्रवाई: 13 फ्लैटों वाली इमारत ढहाई, करीब 100 लोग बेघर

फिलिस्तीन इन्फ़ॉर्मेशन सेंटर में प्रकाशित रिपोर्ट के अनुसार, इज़राइली ऑक्युपेशन अथॉरिटी यानी (IOA) ने सोमवार सुबह यरुशलम के दक्षिण में स्थित सिलवान इलाके में एक रिहायशी इमारत को ध्वस्त कर दिया। यह इमारत रास अल-अमूद के वादी क़द्दूम मोहल्ले में स्थित थी, जो अल-अक़्सा मस्जिद के दक्षिण में आता है।

स्थानीय सूत्रों के मुताबिक जिस इमारत को गिराया गया, उसमें कुल 13 अपार्टमेंट थे और लगभग 100 लोग वहां रह रहे थे। IOA ने दावा किया कि यह निर्माण बिना अनुमति के किया गया था, इसी आधार पर ध्वस्तीकरण की कार्रवाई की गई।

रिपोर्ट के मुताबिक, कार्रवाई से पहले सुबह से ही वादी क़द्दूम इलाके को पूरी तरह सील कर दिया गया। बड़ी संख्या में इज़राइली सैनिक कई बुलडोज़रों के साथ इलाके में दाख़िल हुए और पूरी इमारत को घेर लिया। ध्वस्तीकरण के दौरान इलाके में भारी तनाव का माहौल रहा। और इमारत गिराए जाने के दौरान इज़राइली बलों ने मोहल्ले में मौजूद पुरुषों और महिलाओं के साथ मारपीट भी की। इस दौरान यासिर अबू सुनैना और नाबालिग अम्र अबू हताब को इमारत के पास से गिरफ़्तार किया गया।

रिपोर्ट में यह भी कहा गया है कि यरुशलम की ऑक्युपेशन म्युनिसिपैलिटी फ़िलिस्तीनियों को निर्माण की अनुमति देने से बचती है और अक्सर उनके घरों को गिरा देती है। इसे अंतरराष्ट्रीय और मानवीय क़ानूनों का उल्लंघन बताया गया है, जो लोगों को आवास का अधिकार देते हैं।

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *