दिल्ली में iPhone से भरी ट्रक दुर्घटना का वायरल वीडियो AI-जनरेटेड

सोशल मीडिया पर एक वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें एक ट्रक हादसे के बाद सड़क पर बड़ी संख्या में iPhone बिखरे हुए दिखाई देते हैं। वीडियो में दिल्ली पुलिस के बैरिकेड्स और पुलिसकर्मी भी नजर आते हैं। इसे दिल्ली में iPhone से लदे दो ट्रकों की आपस में टक्कर का बताया जा रहा है। वीडियो में एक पुलिसकर्मी यह कहते हुए भी सुनाई देता है कि, “दिल्ली में ऐसा हादसा मैंने पहली बार देखा है।”

वीडियो को शेयर करते हुए एक यूजर ने लिखा, “दो ट्रक आपस में टकरा कर पलट गए हैं, दोनों ट्रक iPhone से भरे थे… अब जिसको iPhone लेना है वो दिल्ली पहुंच जाए और iPhone 17 लूट ले।”

इसी तरह इंस्टाग्राम पर भी एक यूजर ने 24 दिसंबर 2025 को इस वीडियो को पोस्ट करते हुए इसे दिल्ली का बताया है।

फैक्ट चेक:
Times Headline की टीम ने वायरल वीडियो की जांच की और पाया कि यह वीडियो AI-जनरेटेड है। वीडियो को ध्यान से देखने पर कई खामियां नजर आती हैं। वीडियो में दिखाई दे रहे वाहनों और ऑटो के नंबर स्पष्ट नहीं हैं। वहीं दिल्ली पुलिस के एक सिपाही के पीछे लगे बैरिकेड पर Delhi Police की स्पेलिंग में अचानक D की जगह I दिखाई देता है।

आगे की जांच के लिए हमारी टीम ने इस वीडियो को AI-डिटेक्शन टूल Hive Moderation पर परखा। जांच में सामने आया कि वीडियो के AI-जनरेटेड होने की संभावना 98.2 प्रतिशत है।

इसके अलावा, Times Headline की टीम ने अधिक जानकारी के लिए दिल्ली पुलिस के कंट्रोल रूम से संपर्क किया। पुलिस ने बताया कि इस तरह के किसी भी हादसे की कोई जानकारी उनके पास नहीं है।

हमने वीडियो शेयर करने वाले इंस्टाग्राम अकाउंट shivaji_vlogs_ की भी जांच की। इस अकाउंट पर सड़क हादसों में iPhone बिखरे होने से जुड़े कई वीडियो मौजूद हैं, जिन्हें अलग-अलग लोकेशन का बताकर शेयर किया गया है।

निष्कर्ष:
Times Headline के फैक्ट चेक से स्पष्ट है कि ट्रक हादसे के बाद सड़क पर बिखरे iPhone का यह वायरल वीडियो AI-जनरेटेड है। दिल्ली में इस तरह की कोई घटना नहीं हुई है। इसलिए सोशल मीडिया पर किया जा रहा दावा भ्रामक है।

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *