यूरोपीय संघ यानी (EU) ने मंगलवार को चेतावनी दी है, कि गाज़ा पट्टी में मानवीय राहत कार्य प्रभावित हो सकते हैं। और आपको बता दें, यह चेतावनी इज़राइल द्वारा 37 अंतरराष्ट्रीय राहत संगठनों पर प्रतिबंध लगाने के बाद आई है।
EU ने कहा कि इन संगठनों को बिना रोक-टोक के काम करने की अनुमति मिलनी चाहिए, ताकि राहत सामग्री समय पर और सुरक्षित रूप से ज़रूरतमंदों तक पहुँच सके। बयान में गाज़ा में बिगड़ती मानवीय स्थिति पर भी चिंता जताई गई। यहाँ लोग इस सर्दी में भारी बारिश और ठंड का सामना कर रहे हैं, लेकिन उनके पास पर्याप्त आश्रय नहीं है। बच्चों को स्कूल जाने में मुश्किल हो रही है और अस्पताल गंभीर रूप से दवाओं और स्टाफ़ की कमी के कारण लगभग बंद होने की कगार पर हैं।
इसके अलावा इज़राइल ने कई अंतरराष्ट्रीय NGOs का लाइसेंस रद्द किया है। सरकार का कहना है कि कुछ संगठनों ने अपने फ़िलिस्तीनी कर्मचारियों की पूरी जानकारी नहीं दी थी। और तो और इज़राइल ने बिना कोई सबूत पेश किए आरोप लगाया, कि डॉक्टर विदाउट बॉर्डर्स संगठन के कुछ कर्मचारी “आतंकवादी गतिविधियों” में शामिल थे।
+972 मैगज़ीन की रिपोर्ट के अनुसार, यह कदम NGOs पर नियंत्रण बढ़ाने की कोशिश है। संगठनों का डर है कि कर्मचारियों की जानकारी साझा करने से उनका स्टाफ़ निगरानी, दबाव या प्रतिशोध का शिकार हो सकता है।
