फैक्ट चेकः अमेरिका के फिलाडेल्फिया का पुराना वीडियो वेनेजुएला का बताकर भ्रामक दावा

Reading time : 0 minutes

सोशल मीडिया पर एक वीडियो तेज़ी से वायरल हो रहा है, जिसे वेनेजुएला का बताया जा रहा है। वीडियो के साथ दावा किया जा रहा है कि अमेरिकी सेना द्वारा राष्ट्रपति निकोलस मादुरो को उठाकर ले जाने के बाद वेनेजुएला की हालत बदतर हो गई है और वहां के लोग नशे की हालत में सड़कों पर पड़े रहते हैं। साथ ही यह भी कहा जा रहा है कि देश में नशीले पदार्थों की तस्करी बड़े पैमाने पर होती है।

मिस्टर त्यागी नामक एक यूजर ने वीडियो शेयर करते हुए लिखा,
यह वेनेज़ुएला की हालत है— जहाँ दुनिया का सबसे ज़्यादा तेल होने के बावजूद पूरा देश या तो नशे की तस्करी करता है या नशे में डूबा रहता है। खाने के लिए जब सरकार दे ही देती है, तो फिर कुछ करने की ज़रूरत ही क्या रह जाती है। यह देश मुफ़्तखोरी की वजह से बर्बाद हुआ है।

इसके अलावा कई अन्य यूजर्स ने भी इसी वीडियो को वेनेजुएला का बताकर सोशल मीडिया पर शेयर किया है।

फैक्ट चेकः

Times Headline की टीम ने वायरल वीडियो की जांच की। तो परिणाम सामने आया कि यह वीडियो वेनेजुएला का नहीं, बल्कि अमेरिका के फिलाडेल्फिया शहर के केंसिंग्टन इलाके का पुराना वीडियो है।

यह वीडियो Catch Up नामक एक यूजर द्वारा 10 सितंबर 2023 को सोशल मीडिया पर शेयर किया गया था, जिसमें इसे साफ़ तौर पर फिलाडेल्फिया का बताया गया है। इसके अलावा भी कई अन्य यूजर्स ने इस वीडियो को फिलाडेल्फिया के केंसिंग्टन इलाके का बताकर शेयर किया है।

वीडियो की बारीकी से जांच करने पर हमारी टीम को इसमें एलेगहेनी स्टेशन का बोर्ड दिखाई दिया। जांच में पाया गया कि एलेगहेनी स्टेशन अमेरिका के फिलाडेल्फिया शहर के केंसिंग्टन इलाके में स्थित है। इसके बाद टीम ने गूगल मैप पर इस लोकेशन को सर्च किया, जिससे पुष्टि हुई कि वीडियो में दिखाया गया स्थान फिलाडेल्फिया का ही है।

इसके अलावा वायरल वीडियो में दिखाई देने वाले अन्य स्थानों, जैसे Saman Laundromat Coin-Op, को भी गूगल मैप पर लोकेट किया गया, जो उसी इलाके में मौजूद हैं।

निष्कर्षः

Times Headline के फैक्ट चेक से यह स्पष्ट होता है कि सोशल मीडिया पर वायरल किया जा रहा वीडियो वेनेजुएला का नहीं है। यह अमेरिका के फिलाडेल्फिया के केंसिंग्टन इलाके का पुराना वीडियो है। इस वीडियो को वेनेजुएला से जोड़कर किया गया दावा भ्रामक और गलत है।

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *