फैक्ट चेकः हैदराबाद के पुराने वीडियो को यूपी की कार्रवाई बताकर फैलाया गया सांप्रदायिक भ्रम

Reading time : 0 minutes

सोशल मीडिया पर पुलिस की कार्रवाई से जुड़ा एक वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में देखा जा सकता है कि एक संकरी गली में पुलिसकर्मी कुछ युवकों को पकड़कर उनकी पिटाई करते हुए हिरासत में ले रहे हैं। इस वीडियो के साथ दावा किया गया है कि उत्तर प्रदेश में मुस्लिमों ने ‘RSS-BJP को काट डालो’ के नारे लगाते हुए एक रैली निकाली थी, जिसके बाद पुलिस ने कार्रवाई की।

सोशल मीडिया पर अक्सर भ्रामक और फेक खबरें साझा करने वाले मनोज श्रीवास्तव नामक यूजर ने यह वीडियो पोस्ट करते हुए लिखा,
कटमुल्लो ने दोपहर 12:00 बजे रैली निकाली RSS-BJP को काट डालो और शाम 7:00 बजे योगी सरकार ने पि#$ड़ा तोड़ दीया

फैक्ट चेकः

Times Headline की टीम ने वायरल वीडियो की पड़ताल की और पाया कि यह वीडियो उत्तर प्रदेश का नहीं है। दरअसल, यह वीडियो तेलंगाना की राजधानी हैदराबाद का है और साल 2022 का पुराना मामला है।

वीडियो को ध्यान से देखने पर पुलिस वाहन के नंबर की शुरुआत TS से होती दिखाई देती है, जो तेलंगाना राज्य का कोड है। वाहन का नंबर TS09 से शुरू हो रहा है, जो हैदराबाद क्षेत्र से संबंधित है। तेलंगाना ट्रांसपोर्ट विभाग के एक आधिकारिक गजट के मुताबिक अब TS की जगह TG कोड लागू किया गया है, जिसमें TG09 से TG14 तक हैदराबाद के लिए आरक्षित हैं।

आगे की पुष्टि के लिए टीम ने वीडियो के की-फ्रेम्स को गूगल रिवर्स इमेज सर्च किया। जांच में यह वीडियो NDTV के 25 अगस्त 2022 के एक ट्वीट में मिला। ट्वीट में जानकारी दी गई थी,
‘तेलंगाना | हैदराबाद के शालीबांडा इलाके में कल रात निलंबित बीजेपी नेता टी. राजा सिंह की पैगंबर मोहम्मद पर कथित टिप्पणी के विरोध में प्रदर्शनकारियों ने हंगामा किया। पुलिस ने स्थिति को नियंत्रित करने के लिए बल प्रयोग किया।’ (हिंदी अनुवाद)

निष्कर्षः

Times Headline के फैक्ट चेक से स्पष्ट है कि सोशल मीडिया पर वायरल किया जा रहा यह वीडियो उत्तर प्रदेश का नहीं, बल्कि हैदराबाद (तेलंगाना) का है और वर्ष 2022 से जुड़ा पुराना वीडियो है। ऐसे में इसे यूपी से जोड़कर किया गया दावा भ्रामक और गलत है।

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *