महाराष्ट्र में इस समय स्थानीय निकाय चुनाव हो रहे हैं। इसी बीच सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हो रहा है, जिसमें कुछ मुस्लिम समुदाय के लोग, लोगों से मतदान करने की अपील करते दिखाई दे रहे हैं। इस वीडियो को शेयर करते हुए कई यूजर्स यह आरोप लगा रहे हैं कि मुस्लिम इलाकों में पाकिस्तानी झंडे लगाए गए हैं।
सोशल मीडिया यूजर मनोज श्रीवास्तव ने वीडियो शेयर करते हुए लिखा,
‘महाराष्ट्र अजान क्यों बंद करवाया इसके खिलाफ निकले हैं वोट मांगने देखो हिंदुओं भारत में रहने वाला हर मुसलमान खुद को पाकिस्तानी मानता है इसलिए इन्होंने अपनी गलियों में पाकिस्तानी झंडे लगा रखे हैं’

इसी तरह फेसबुक पर Ajay Armys नाम के यूजर ने भी यही दावा करते हुए वीडियो पोस्ट किया है। इसके अलावा कई अन्य सोशल मीडिया अकाउंट्स से भी यह वीडियो पाकिस्तानी झंडे लगाए जाने के दावे के साथ शेयर किया जा रहा है।

फैक्ट चेकः
Times Headline की टीम ने वायरल वीडियो की बारीकी से पड़ताल की। जांच में सामने आया कि वीडियो में दिखाई दे रहे झंडे पाकिस्तानी नहीं हैं, बल्कि वे इस्लामी झंडे हैं। पाकिस्तानी झंडे और इस्लामी झंडे में स्पष्ट अंतर होता है।
पाकिस्तानी झंडे के बाईं ओर सफेद रंग की एक पट्टी होती है, जबकि बाकी हिस्सा हरे रंग का होता है। साथ ही उसमें चांद से बाहर की ओर बना तारा होता है।
वहीं इस्लामी झंडा पूरी तरह हरे रंग का होता है, उसमें सफेद पट्टी नहीं होती और तारा चांद के बीच में बना होता है। इन दोनों झंडों के अंतर को ग्राफिक्स के माध्यम से साफ तौर पर देखा जा सकता है।

इसके अलावा हमारी टीम ने गूगल पर संबंधित कीवर्ड्स के जरिए खोज की, लेकिन महाराष्ट्र के स्थानीय चुनावों के दौरान मुस्लिम इलाकों में पाकिस्तानी झंडे लगाए जाने से जुड़ी कोई भी विश्वसनीय मीडिया रिपोर्ट नहीं मिली।
निष्कर्षः
Times Headline के फैक्ट चेक से स्पष्ट होता है कि महाराष्ट्र में मुस्लिम इलाकों में लगाए गए इस्लामी झंडों को पाकिस्तानी झंडा बताकर सोशल मीडिया पर गलत और भ्रामक दावा फैलाया जा रहा है।
