फैक्ट चेक: वायरल तस्वीरों में दिख रही शीला मौर्या और 70 वर्षीय मौलाना नासीर की शादी का दावा फर्जी

हाल के दिनों में सोशल मीडिया पर कुछ तस्वीरें तेजी से वायरल हो रही हैं, जिनमें एक मुस्लिम मौलाना को एक महिला के साथ दिखाया गया है। इन तस्वीरों को शेयर करते हुए दावा किया जा रहा है कि उत्तर प्रदेश की शीला मौर्या नामक एक बौद्ध महिला ने 70 वर्षीय मौलाना नासीर से विवाह किया है। कई यूजर्स इन तस्वीरों के जरिए धार्मिक टिप्पणियां और व्यंग्य भी कर रहे हैं।

इन तस्वीरों को शेयर करते हुए निर्दोष संवैधानिक अछूत नामक यूजर ने लिखा, ‘#मीमभीम एकता❤️ यूपी कि शिला मौर्या ने भाईचारा बढ़ाने 70 साल के मुल्ला नासिर के साथ कि शादी…..कहा सनातन ऐसा करने से हमें रोकता है इसलिए हमने सनातन को त्यागकर बौद्ध धम्म अपना लिया – जहाँ हमें सभी प्रकार कि #आज़ादी है’

इसी दावे के साथ ये तस्वीरें अलग-अलग प्लेटफॉर्म्स पर वायरल की जा रही हैं। जिसे यहां, यहां और यहां देखा जा सकता है।

फैक्ट चेकः

Times Headline की टीम ने वायरल तस्वीरों की तकनीकी जांच की। जांच के दौरान सामने आया की इन सभी तस्वीरों को आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) द्वारा बनाया गया है। हमारी टीम ने इन तस्वीरों की AI डिटेक्टर टूल Hive Moderation पर की। टूल के विश्लेषण में यह साफ हो गया कि ये सभी तस्वीरें वास्तविक नहीं हैं, बल्कि आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस की मदद से जनरेट की गई हैं।

इसके अलावा, Times Headline की टीम ने इंटरनेट पर अलग-अलग कीवर्ड्स के माध्यम से यह भी जांच की कि क्या उत्तर प्रदेश में शीला मौर्या नाम की किसी बौद्ध महिला और मौलाना नासीर की शादी से जुड़ी कोई प्रामाणिक खबर मौजूद है। लेकिन किसी भी भरोसेमंद मीडिया संस्थान या आधिकारिक स्रोत से ऐसी कोई जानकारी नहीं मिली।

निष्कर्ष

Times Headline के फैक्ट चेक से यह स्पष्ट होता है कि सोशल मीडिया पर वायरल हो रही तस्वीरें और उनके साथ किया जा रहा दावा भ्रामक है। ये तस्वीरें AI द्वारा तैयार की गई हैं और शीला मौर्या तथा 70 वर्षीय मौलाना नासीर की शादी से जुड़ा दावा पूरी तरह फर्जी है।

(सोशल मीडिया यूजर्स को सलाह दी जाती है कि वे किसी भी वायरल पोस्ट को साझा करने से पहले उसकी सच्चाई की जांच जरूर करें, ताकि गलत और भ्रामक जानकारी फैलने से रोकी जा सके।)

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *