सोशल मीडिया पर एक युवती के साथ बर्बरता और हिंसा दिखाने वाला एक वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में एक व्यक्ति कमरे के अंदर युवती के साथ मारपीट करता हुआ दिखाई देता है और उसकी उंगलियों पर चाकू चलाता नजर आता है। वीडियो के साथ सांप्रदायिक टिप्पणी जोड़ते हुए लिखा गया है,
“मेरा अब्दुल कहने वाली लड़कियां देख लो। अब्दुल को अभी भी यही कहोगी।”
इस वीडियो को शेयर करते हुए बागेश्वर धाम सरकार नामक यूजर ने लिखा कि ‘वीडियो ऑन लड़कियों के लिए जो लड़कियां बोलती है मेरा अब्दुल ऐसा नहीं है सभी अब्दुल एक जैसे होते हैं उनका बस टारगेट है हिंदू धर्म को कमजोर करना जब हिंदू धर्म में हिंदू लड़कियां ही नहीं बचेंगे तो हिंदू पैदा नहीं होगा और फिर इसको का समाप्त करने में बहुत आसानी होगी मेरे हिंदू माता-पीताओं से भी निवेदन है अपनी बेटियों को या तो कट्टर हिंदू शेरनी’

फैक्ट चेकः
Times Headline की फैक्ट चेक टीम ने वायरल वीडियो की गहराई से जांच की। जांच में सामने आया कि यह वीडियो किसी वास्तविक घटना का नहीं, बल्कि एक फिल्म की शूटिंग का हिस्सा है।
वीडियो के की-फ्रेम्स को रिवर्स इमेज सर्च करने पर यह फुटेज Sarfaraz Mughal नाम के फेसबुक अकाउंट पर 23 दिसंबर 2025 को अपलोड मिली। पोस्ट के साथ साफ तौर पर लिखा था —
“The Tea Man movie BTS” (Behind The Scenes)
जांच के दौरान यह भी सामने आया कि सरफराज मुगल ने अपने फेसबुक अकाउंट पर इसी फिल्म से जुड़े कई अन्य वीडियो भी पोस्ट किए हैं। इन क्लिप्स में कैमरा, लाइट और फिल्म क्रू के सदस्य साफ दिखाई देते हैं, जिससे यह स्पष्ट हो जाता है कि वीडियो एक स्क्रिप्टेड सीन है।
प्रोफाइल में दी गयी जानकारी के अनुसार, सरफराज मुगल खुद को कराची, पाकिस्तान का छात्र बताता है।

निष्कर्ष
Times Headline के फैक्ट चेक से यह स्पष्ट है कि वायरल वीडियो किसी असली हिंसक घटना का नहीं, बल्कि ‘The Tea Man’ नामक फिल्म की शूटिंग का हिस्सा है। इसे जानबूझकर सांप्रदायिक रंग देकर सोशल मीडिया पर भ्रामक दावे के साथ फैलाया गया।
