फैक्ट चेक: क्या संयुक्त राष्ट्र ने बीजेपी को फासीवादी संगठन घोषित किया है? जानिए हकीकत

सोशल मीडिया पर इन दिनों भारतीय जनता पार्टी (BJP) को लेकर एक सनसनीखेज दावा तेजी से वायरल हो रहा है। दावा किया जा रहा है कि संयुक्त राष्ट्र (UN) ने आधिकारिक तौर पर बीजेपी को एक अंतरराष्ट्रीय फासीवादी संगठन घोषित कर दिया है।

सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X (पूर्व में ट्विटर) पर एक यूजर ने यह दावा किया कि संयुक्त राष्ट्र ने आधिकारिक तौर पर भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) को एक अंतरराष्ट्रीय फासीवादी संगठन घोषित किया है। (हिंदी अनुवाद)

इसके अलावा कई अन्य यूजर भी ऐसे ही दावे के साथ पोस्ट को शेयर कर रहे है

फैक्ट चेक:

मामले से जुडी जाँच के लिए Times Headline ने सबसे पहले दावे से जुड़े कीवर्ड्स को गूगल पर सर्च किया। जांच के दौरान किसी भी भरोसेमंद राष्ट्रीय या अंतरराष्ट्रीय मीडिया संस्थान की ऐसी कोई रिपोर्ट नहीं मिली, जिसमें संयुक्त राष्ट्र द्वारा बीजेपी को फासीवादी संगठन घोषित करने की पुष्टि की गई हो।

इसके बाद हमने संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद (UNSC) की Consolidated Sanctions List को भी खंगाला। यह सूची उन व्यक्तियों और संगठनों की होती है, जिन्हें अंतरराष्ट्रीय शांति और सुरक्षा के लिए खतरा मानते हुए प्रतिबंधित किया जाता है। जांच में इस सूची में भी भारतीय जनता पार्टी (BJP) का नाम शामिल नहीं पाया गया।

निष्कर्ष:

Times Headline के फैक्ट-चेक से यह पूरी तरह स्पष्ट होता है कि संयुक्त राष्ट्र द्वारा भारतीय जनता पार्टी यानि (बीजेपी) को अंतरराष्ट्रीय फासीवादी संगठन घोषित किए जाने का दावा पूरी तरह भ्रामक और फर्जी है। सोशल मीडिया पर फैलाया जा रहा यह दावा किसी भी आधिकारिक या विश्वसनीय स्रोत से प्रमाणित नहीं है।

पाठकों को सलाह दी जाती है कि वे ऐसे वायरल दावों पर भरोसा करने से पहले उनकी सच्चाई जरूर जांचें।

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *