गाज़ा सिविल डिफेंस का खुलासा: मलबे के नीचे अब भी लगभग 8,000 शव दबे

गाज़ा पट्टी में जारी तबाही के बीच Gaza Civil Defense ने एक गंभीर स्थिति का खुलासा किया है। सिविल डिफेंस के प्रवक्ता महमूद बसल ने बताया कि गाज़ा के विभिन्न इलाकों में नष्ट हो चुकी इमारतों के मलबे के नीचे अब भी लगभग 8,000 शव दबे हुए हैं। यह जानकारी गुरुवार को जारी प्रेस बयानों में दी गई।

बसल के अनुसार, सिविल डिफेंस की टीमें लगातार खोज और राहत कार्य में जुटी हुई हैं, लेकिन वे बेहद कठिन परिस्थितियों और सीमित संसाधनों के साथ काम कर रही हैं। इन चुनौतियों के कारण कई तबाह स्थलों तक पहुंच पाना संभव नहीं हो पा रहा है। इसके अलावा उन्होंने यह भी बताया कि 3,000 से अधिक लोग अब भी लापता सूची में दर्ज हैं। इन लोगों के बारे में कोई पुष्टि नहीं है कि वे जीवित हैं, मारे जा चुके हैं या फिर हिरासत में हैं।

राहत कार्यों के दौरान एक और गंभीर समस्या सामने आई है। बसल के मुताबिक, लंबे समय तक मलबा न हट पाने और भारी मशीनरी व जरूरी तकनीकी उपकरणों की भारी कमी के चलते सैकड़ों शव सड़-गल चुके हैं या उनकी पहचान कर पाना मुश्किल हो गया है।

गाज़ा सिविल डिफेंस का कहना है कि सीमित संसाधनों के बावजूद टीमें लगातार प्रयास कर रही हैं, लेकिन मौजूदा हालात में व्यापक स्तर पर राहत और पुनर्प्राप्ति कार्य करना अत्यंत चुनौतीपूर्ण बना हुआ है।

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *