फैक्ट चेक: बांग्लादेश के वीडियो को भारत का बताकर फैलाया गया भ्रामक दावा

सोशल मीडिया पर इन दिनों एक वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में दिखता है कि बस स्टैंड पर हेलमेट पहने एक व्यक्ति कथित तौर पर एक मुस्लिम शख्स पर पहले लाठी से हमला करता है और फिर उसे गोली मार देता है। इस वीडियो को भारत से जोड़ते हुए यह दावा किया जा रहा है कि देश में मुस्लिम समुदाय पर अत्याचार हो रहा है।
एक यूजर ने वीडियो शेयर करते हुए लिखा, ‘सच को मीडिया कभी नहीं दिखाएगी ज़ुल्म मुसलमानों पर होता है लेकिन गोदी मीडिया बहुसंख्यक को बताती है!!


इस पोस्ट को 1500 से अधिक लाइक्स मिल चुके हैं और इसकी पहुंच करीब 80 हजार लोगों तक बताई जा रही है।

इसके अलावा भी कई यूजर्स इस वीडियो को भारत का बताते हुए सांप्रदायिक एंगल के साथ साझा कर रहे हैं। एक अन्य यूजर ने इसे हिन्दू-मुस्लिम तनाव से जोड़ते हुए पोस्ट किया है। अलग-अलग प्लेटफॉर्म्स पर यह वीडियो इसी दावे के साथ प्रसारित किया जा रहा है।

फैक्ट चेक :

वायरल वीडियो की सच्चाई जानने के लिए Times Headline ने इसकी जांच की। सबसे पहले वीडियो के की-फ्रेम्स को रिवर्स इमेज सर्च किया गया। जांच में सामने आया कि यह वीडियो भारत का नहीं, बल्कि बांग्लादेश का है।

यूट्यूब के शॉर्ट्स सेक्शन में कई बांग्लादेशी यूट्यूबर्स ने इसी वीडियो को अपलोड किया हुआ है। हालांकि इन वीडियो के साथ किसी प्रकार की विस्तृत जानकारी साझा नहीं की गई है, लेकिन अपलोडर्स बांग्लादेश से जुड़े पाए गए।

वीडियो को ध्यान से देखने पर एक और महत्वपूर्ण संकेत मिला। बस पर बंगाली भाषा में “ढाका” लिखा दिखाई देता है, जो बांग्लादेश की राजधानी है। यह तथ्य भी इस बात की पुष्टि करता है कि वीडियो भारत का नहीं है।

वीडियो के स्क्रिप्टेड होने के संकेत

जांच के दौरान वीडियो में कई ऐसी बातें सामने आईं, जो इसके स्क्रिप्टेड (पूर्व नियोजित) होने की ओर इशारा करती हैं। उदाहरण के तौर पर:

  • हमलावर लाठी से कमर पर वार करता है, लेकिन पीड़ित व्यक्ति अपने पैर को पकड़कर जमीन पर बैठ जाता है।
  • गोली चलने की आवाज सुनाई देती है, मगर शरीर पर गोली लगने या खून के किसी निशान का स्पष्ट प्रमाण नहीं दिखता।
  • पूरा घटनाक्रम ठीक उसी क्षण रिकॉर्ड किया जाता है, जब हमला होता है — जो अक्सर स्क्रिप्टेड वीडियो में देखा जाता है।

इन सभी तथ्यों से यह संदेह मजबूत होता है कि वीडियो वास्तविक घटना नहीं, बल्कि पूर्व नियोजित शूटिंग हो सकती है। Times Headline की टीम वीडियो के मूल स्रोत की तलाश में जुटी हुई है। जैसे ही ओरिजिनल सोर्स से संबंधित ठोस जानकारी प्राप्त होगी, खबर को अपडेट किया जाएगा।

निष्कर्ष:

Times Headline की फैक्ट चेक जांच में स्पष्ट हुआ है कि बांग्लादेश में शूट किया गया एक कथित स्क्रिप्टेड वीडियो भारत का बताकर सोशल मीडिया पर शेयर किया जा रहा है। इस प्रकार, वीडियो को भारत में मुस्लिमों पर अत्याचार से जोड़ने का दावा भ्रामक है।

सोशल मीडिया पर वायरल सामग्री को साझा करने से पहले उसकी सत्यता की जांच करना बेहद आवश्यक है।

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *