सोशल मीडिया पर बॉलीवुड अभिनेत्री प्रियंका चोपड़ा के नाम से एक कथित बयान तेजी से वायरल हो रहा है। दावा किया जा रहा है कि उन्होंने भारत में “पाखंडी” और “देश-विरोधी” लोगों की आलोचना करते हुए कहा कि जो लोग अन्य देशों के मुद्दों पर आवाज उठाते हैं, वही ‘द कश्मीर फाइल्स’ और ‘धुरंधर’ जैसी फिल्मों को “प्रोपगैंडा” बताते हैं।
सोशल साइट X पर वेरिफाइड यूजर Courageous ने प्रियंका चोपड़ा की कथित इंस्टाग्राम स्टोरी का स्क्रीनग्रैब साझा करते हुए लिखा कि प्रियंका चोपड़ा ने भारत में बैठे पाखंडी और देश-विरोधी लोगों को करारा जवाब दिया। उन्होंने बिल्कुल सच कहा; वही लोग जो दूसरे देशों के मुद्दों पर हाय-तौबा मचाते हैं, वे ही ‘द कश्मीर फाइल्स’ और ‘धुरंधर’ जैसी फिल्मों को ‘प्रोपगैंडा’ (दुष्प्रचार) करार देंगे। पाकिस्तान से कहीं ज़्यादा, हमारे अपने ही देश में बैठे कुछ लोग देश के लिए बड़ा खतरा हैं।
फैक्ट चेक
Times Headline की टीम ने वायरल दावे की सच्चाई जानने के लिए संबंधित कीवर्ड्स के जरिए खोजबीन की गई। जांच में किसी भी विश्वसनीय या प्रमुख मीडिया संस्थान की ऐसी कोई रिपोर्ट नहीं मिली, जो इस दावे की पुष्टि करती हो।

इसके साथ ही प्रियंका चोपड़ा के आधिकारिक सोशल मीडिया अकाउंट (Instagram और X) की भी समीक्षा की गई। वहां इस तरह का कोई पोस्ट, स्टोरी या बयान नहीं मिला, जिससे वायरल दावे को सही ठहराया जा सके।
जांच के दौरान यह भी सामने आया कि हाल के दिनों में उनका एक पोस्ट फिल्म निर्देशक S. S. Rajamouli के प्रति आभार व्यक्त करने से जुड़ा था, जिसमें उन्होंने उनके काम की सराहना पर प्रतिक्रिया दी थी। हालांकि, इस पोस्ट का वायरल दावे से कोई संबंध नहीं है।
निष्कर्ष
Times Headline के फैक्ट चेक में यह स्पष्ट हुआ कि प्रियंका चोपड़ा के नाम से वायरल हो रहा बयान भ्रामक है। इस दावे के समर्थन में कोई ठोस या आधिकारिक प्रमाण मौजूद नहीं है, और न ही उनके आधिकारिक सोशल मीडिया अकाउंट्स पर ऐसा कोई बयान पाया गया।


