एआई रिसर्च में कश्मीर की बेटी का कमाल: एनआईटी श्रीनगर की वॉमिका खान को मिला प्रतिष्ठित ‘इंडिया एआई फेलोशिप ’

श्रीनगर: जम्मू-कश्मीर की होनहार शोधार्थी वॉमिका खान ने आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) के क्षेत्र में बड़ी उपलब्धि हासिल कर प्रदेश का नाम रोशन किया है। नेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी (एनआईटी) श्रीनगर की एम-टेक स्कॉलर वॉमिका को एआई मॉडल्स में पक्षपात (बायस) पर शोध के लिए प्रतिष्ठित ‘इंडिया एआई फेलोशिप 2025–26’ से सम्मानित किया गया है।

वॉमिका का शोध “विश्वसनीय एआई: बड़े भाषा मॉडल्स में पक्षपात की पहचान और उसे कम करने” विषय पर आधारित है। इस शोध का उद्देश्य एआई सिस्टम्स को अधिक निष्पक्ष, पारदर्शी और भरोसेमंद बनाना है। वर्तमान समय में शिक्षा, स्वास्थ्य, प्रशासन और भर्ती जैसे महत्वपूर्ण क्षेत्रों में एआई तकनीक का तेजी से उपयोग बढ़ रहा है, ऐसे में एआई में मौजूद पक्षपात को दूर करना बेहद आवश्यक माना जा रहा है।

यह शोध एनआईटी श्रीनगर में डॉ. तौसीफ अयूब शेख के मार्गदर्शन में किया जा रहा है। संस्थान प्रशासन ने वॉमिका की इस उपलब्धि को जम्मू-कश्मीर और देश के लिए गर्व का क्षण बताया है।

वॉमिका खान की सफलता कश्मीर के युवाओं, विशेषकर छात्राओं, के लिए प्रेरणा बनकर सामने आई है। उनकी यह उपलब्धि साबित करती है कि प्रतिभा, मेहनत और समर्पण के बल पर देश के युवा वैश्विक स्तर पर अपनी अलग पहचान बना सकते हैं।

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *