अमेरिका-ईरान के बीच शांति समझौते का ऐलान, होर्मुज़ जलडमरूमध्य दोबारा खुलेगा

इस्लामाबाद: अमेरिका और ईरान के बीच मध्य पूर्व में जारी तनाव और सैन्य गतिविधियों को समाप्त करने को लेकर एक महत्वपूर्ण समझौता होने की घोषणा की गई है। समझौते के तहत होर्मुज़ जलडमरूमध्य को दोबारा खोलने और ईरानी बंदरगाहों पर लगी अमेरिकी नाकाबंदी हटाने का फैसला लिया गया है।

बताया गया है कि यह समझौता तत्काल प्रभाव से लागू होगा। इसके बाद क्षेत्र में शांति बहाली की दिशा में आगे की प्रक्रिया शुरू की जाएगी।

पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ ने इस समझौते की घोषणा करते हुए कहा कि इसकी औपचारिक हस्ताक्षर प्रक्रिया आगामी शुक्रवार, 19 जून को स्विट्जरलैंड में आयोजित की जाएगी।

सोशल मीडिया मंच एक्स पर जारी अपने बयान में शहबाज शरीफ ने कहा कि गहन वार्ताओं के बाद अमेरिका और इस्लामिक रिपब्लिक ऑफ ईरान के बीच शांति समझौता संपन्न हुआ है। उन्होंने बताया कि दोनों पक्षों ने लेबनान सहित सभी मोर्चों पर सैन्य अभियानों को तत्काल और स्थायी रूप से समाप्त करने पर सहमति जताई है।

उन्होंने यह भी कहा कि समझौते के लागू होने के साथ ही मध्यस्थों की ओर से इस सप्ताह कई बैठकों का आयोजन कराया जाएगा, ताकि आगे की प्रक्रिया को सुचारु रूप से आगे बढ़ाया जा सके।

वहीं, अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ट्रुथ सोशल पर एक पोस्ट में कहा कि ईरान के साथ समझौता अब पूरा हो चुका है। उन्होंने होर्मुज़ जलडमरूमध्य को बिना किसी शुल्क के खोलने और अमेरिकी नौसैनिक नाकाबंदी को तत्काल हटाने की अनुमति देने की घोषणा की।

होर्मुज़ जलडमरूमध्य वैश्विक समुद्री व्यापार के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण मार्ग माना जाता है। ऐसे में इसके दोबारा खुलने से क्षेत्रीय गतिविधियों और समुद्री आवाजाही पर सकारात्मक प्रभाव पड़ने की उम्मीद जताई जा रही है।

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *