फैक्ट चेक: क्या बीएसएफ ने अवैध बांग्लादेशी घुसपैठिये को सीमा पार भगाया? वायरल वीडियो के दावे की पड़ताल

सोशल मीडिया पर इन दिनों एक वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो को लेकर दावा किया जा रहा है कि यह दौलारपुर बॉर्डर का है, जहां एक अवैध बांग्लादेशी घुसपैठिये को बीएसएफ ने बांग्लादेश की सीमा में खदेड़ दिया था। दावा यह भी किया जा रहा है कि दो दिन बाद बांग्लादेश बॉर्डर गार्ड (BGB) के जवान उसी व्यक्ति को वापस भारत की सीमा में धकेलते हुए कैमरे में कैद हुए।

सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X (पूर्व ट्विटर) पर वेरिफाइड यूजर जितेंद्र प्रताप सिंह ने वीडियो साझा करते हुए लिखा, “दौलारपुर बॉर्डर एक अवैध बांग्लादेशी घुसपैठिया को बीएसएफ ने बांग्लादेश सीमा में भगा दिया 2 दिन के बाद बांग्लादेश बॉर्डर गार्ड के जवान उस अवैध घुसपैठिये को फिर से भारत की सीमा में धकेलते हुए कैमरे में कैद हुए।”

फैक्ट चेक

वायरल वीडियो और उससे जुड़े दावे की सच्चाई जानने के लिए Times Headline ने विभिन्न मीडिया रिपोर्ट्स और उपलब्ध तथ्यों की जांच की। जांच के दौरान राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय मीडिया में ऐसी कोई विश्वसनीय रिपोर्ट नहीं मिली, जो वायरल दावे की पुष्टि करती हो।

हालांकि, पड़ताल के दौरान हमें द बिजनेस स्टैंडर्ड की एक रिपोर्ट मिली। रिपोर्ट के मुताबिक, “कुश्तिया के दौलतपुर उपजिला में प्रागपुर बॉर्डर पर कथित धक्का-मुक्की के शिकार हुए महिलाओं और बच्चों समेत 12 लोगों को आज (15 जून) तीन दिन बाद एक फ्लैग मीटिंग के ज़रिए इंडियन बॉर्डर सिक्योरिटी फोर्स (BSF) को सौंप दिया गया। बॉर्डर गार्ड बांग्लादेश (BGB) और BSF के बीच फ्लैग मीटिंग के बाद, प्रागपुर में बॉर्डर पिलर 148/3-S के पास सुबह करीब 11 बजे उन्हें सौंप दिया गया। मीटिंग के बाद, 12 लोगों को ऑफिशियली BSF को सौंप दिया गया, यह बात कुश्तिया 47 BGB के कमांडिंग ऑफिसर लेफ्टिनेंट कर्नल राशिद कमल रोनी ने कन्फर्म की।”

वीडियो की पड़ताल में क्या मिला?

वायरल वीडियो का बारीकी से विश्लेषण करने पर एक बॉर्डर मार्कर दिखाई देता है, जिस पर ‘M.P. 157’ लिखा हुआ है। इसके अलावा, वीडियो की पृष्ठभूमि में सुनाई देने वाली आवाजों का विश्लेषण करने पर पता चलता है कि बॉर्डर गार्ड बांग्लादेश (BGB) घुसपैठ करने की कोशिश कर रहे लोगों को बंगाली भाषा में चेतावनी दे रही है।

वीडियो में BGB के जवान कहते सुनाई देते हैं, “जाओ, जाओ। तुम इंडिया से आए हो, इंडिया जाओ। मैं तुम्हें चेतावनी देता हूँ, बांग्लादेश की तरफ मत आना।”

आगे की जांच में 15 जून 2026 की बांग्लादेशी मीडिया संस्थानों द डेली इत्तेफाक और न्यूज़जी24 की यूट्यूब रिपोर्ट्स भी मिलीं। इन रिपोर्ट्स के कैप्शन में लिखा गया था, “BGB ने दौलतपुर बॉर्डर पर घुसपैठ की एक और कोशिश नाकाम की।”

विशेषज्ञ ने क्या कहा?

Times Headline ने वायरल वीडियो के संबंध में बांग्लादेश की न्यूज़ वेबसाइट डिप्लोटिक के एडिटर यासीन अलमदार से भी बातचीत की। उन्होंने बताया, “वायरल वीडियो बांग्लादेश का है। वीडियो में दिख रही गतिविधि बांग्लादेश सीमा क्षेत्र की ही है, और इसमें भारतीय सीमा सुरक्षा बल की कोई भूमिका नहीं है।”

निष्कर्ष

Times Headline की पड़ताल में वायरल वीडियो के साथ किया गया दावा भ्रामक साबित हुआ।

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *