सोशल मीडिया पर इन दिनों एक कथित “ब्रेकिंग न्यूज” पोस्टकार्ड तेजी से वायरल हो रहा है। इस पोस्ट में दावा किया जा रहा है कि उत्तर प्रदेश के वाराणसी जिले के बाबतपुर क्षेत्र में एक हिन्दू युवती ने बलात्कार और धर्मांतरण की धमकी देने वाले 6 मुस्लिम युवकों का गला काटकर उनके सिर काली माता मंदिर में चढ़ा दिए।
वायरल पोस्टकार्ड में लिखा है— ‘BREAKING NEWS लगाओ स्टोरी ‘बलात्कार और धर्मातरण की धमकी देने पर हिंन्दू लड़की ने 6 मुस्लिम युवकों का गला काटकर वाराणसी बाबतपुर स्थित काली माता मंदिर में चढ़ाये 6 कटे सिर..! अब शेरनिया उतरी है मेदान में’
इसी पोस्टकार्ड को एक्स (पूर्व ट्विटर) पर शेयर करते हुए Anuj Shukla नामक यूजर ने लिखा— ‘वैसे मैं बहुत सख्त लौंडा हूँ पर यहां मैं पिघल गया यार’
वहीं इंस्टाग्राम पर official_ak_raj_35 नामक यूजर ने इसे साझा करते हुए लिखा— ‘एक दलित युवती 6 मुसलमानों का गला काट कर फरार है. साथ ही ये भी लिखा है कि इन मुसलमानों ने उसे बलात्कार और धर्म परिवर्तन की धमकी दी थी. घटना कथित तौर पर वाराणसी के बाबतपुर के हेमंतपुर गांव की बताई जा रही है. रिपोर्ट में ये भी लिखा है कि युवती के परिजनों ने कई बार पुलिस से शिकायत की थी, लेकिन पुलिस ने न तो महिला को कोई सुरक्षा दी और न ही मुस्लिमों के खिलाफ़ कार्रवाई की.’
सोशल मीडिया के विभिन्न प्लेटफॉर्म पर कई अन्य यूजर्स भी इसी दावे को वाराणसी के बाबतपुर की घटना बताकर शेयर कर रहे हैं। जिसे यहां और यहां देखा जा सकता है।
फैक्ट चेक
Times Headline ने वायरल दावे की पड़ताल की। जांच में यह दावा पूरी तरह भ्रामक और फर्जी निकला।
सबसे पहले संबंधित घटना को लेकर विभिन्न विश्वसनीय मीडिया स्रोतों में जानकारी तलाश की गई, लेकिन कहीं भी ऐसी किसी घटना की पुष्टि नहीं मिली। यदि वाराणसी में रेप और धर्मांतरण जैसे गंभीर आरोपों के बीच छह लोगों की हत्या जैसी बड़ी वारदात हुई होती, तो यह निश्चित रूप से राष्ट्रीय मीडिया की प्रमुख खबर बनती।
जांच के दौरान यह भी सामने आया कि यही दावा वर्ष 2023 में भी सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था। उस समय वाराणसी पुलिस के DCP Gomti Zone VNS के आधिकारिक एक्स हैंडल से बयान जारी कर इस खबर का स्पष्ट खंडन किया गया था।
18 जून 2023 को जारी अपने बयान में वाराणसी पुलिस ने कहा था— ‘कृपया ध्यान दें- कतिपय ट्वीटर हैंडलों द्वारा एक फेक न्यूज को पोस्ट कर वायरल किया जा रहा है जिसमें “बलात्कार व धर्मान्तरण की धमकी देने पर 06 मुश्लिम युवकों का गला काट दलित हिंदू युवती फरार; बाबतपुर स्थिल काली मंदिर से 06 सिर बरामद” होना बताया जा रहा है, जो पूर्णतया असत्य है। वाराणसी गोमती ज़ोन के थाना फूलपुर अंतर्गत चौकी बाबतपुर में ऐसी कोई भी घटना घटित नहीं हुई है। वाराणसी पुलिस इस असत्य भ्रामक खबर का खण्डन करती है। कृपया इस प्रकार के असत्य व भ्रामक पोस्ट को साझा न करें। वाराणसी पुलिस द्वारा सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर सतर्क दृष्टि रखी जा रही है, ऐसे पोस्ट को शेयर करने वालों पर वैधानिक कार्यवाही की जायेगी।’
इसके अलावा Times Headline ने हालिया स्थिति की पुष्टि करने के लिए फुलपुर थाना प्रभारी राजीव कुमार सिंह से भी संपर्क किया। उन्होंने वायरल दावे को पूरी तरह निराधार बताया।
थाना प्रभारी के अनुसार, फुलपुर थाना क्षेत्र के बाबतपुर इलाके में इस तरह की कोई घटना नहीं हुई है। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि वायरल पोस्ट में जिस हेमंतपुर गांव का उल्लेख किया गया है, ऐसा कोई गांव उनके थाना क्षेत्र में नहीं है। साथ ही उन्होंने बताया कि बाबतपुर क्षेत्र में काली जी का ऐसा कोई स्थापित मंदिर भी नहीं है, जैसा वायरल पोस्ट में दावा किया गया है।
उन्होंने यह भी कहा कि सोशल मीडिया पर कुछ लोग घटना का स्थान बाबनपुर तो कुछ बाबतपुर बता रहे हैं, लेकिन किसी भी स्थिति में इस प्रकार की कोई घटना सामने नहीं आई है।
निष्कर्ष
Times Headline की पड़ताल में वायरल दावा पूरी तरह फर्जी साबित हुआ। वाराणसी के बाबतपुर क्षेत्र में किसी हिन्दू युवती द्वारा बलात्कार और धर्मांतरण की धमकी देने वाले 6 मुस्लिम युवकों की हत्या करने और उनके सिर काली मंदिर में चढ़ाने जैसी कोई घटना नहीं हुई है।


