ऑक्यूपाइड यरुशलम: ऑक्यूपाइड यरुशलम के सिलवान क्षेत्र के अल-ऐन (Al-Ein) मोहल्ले में बुधवार को एक फ़िलिस्तीनी परिवार को उस समय बड़ा झटका लगा, जब इज़रायली अधिकारियों ने उसे अपने ही घर का एक हिस्सा स्वयं गिराने के लिए मजबूर कर दिया।
रिपोर्ट के अनुसार, प्रभावित निवासी की पहचान मोहम्मद अल-अब्बासी के रूप में हुई है। यरुशलम गवर्नरेट (यरुशलम प्रांत प्रशासन) के मुताबिक, यरुशलम नगरपालिका ने दावा किया कि उनके घर का संबंधित हिस्सा बिना निर्माण अनुमति के बनाया गया था। इसी आधार पर उन्हें घर का हिस्सा स्वयं ध्वस्त करने का आदेश दिया गया।
बताया गया है कि यदि अल-अब्बासी ऐसा नहीं करते, तो नगरपालिका खुद घर को गिराती और इसके लिए उनसे भारी तोड़फोड़ शुल्क वसूला जाता। इसी अतिरिक्त आर्थिक बोझ से बचने के लिए उन्हें अपने ही घर का हिस्सा अपने हाथों से गिराना पड़ा।
मीडिया रिपोर्टस के मुताबिक, जिस हिस्से को गिराया गया उसका क्षेत्रफल करीब 25 वर्ग मीटर था। इस हिस्से में अल-अब्बासी के तीन बच्चे रहते थे। यह कार्रवाई 14 वर्षों तक चली कानूनी प्रक्रिया के बाद की गई, जिसके अंत में उनके खिलाफ अंतिम विध्वंस आदेश जारी किया गया।
रिपोर्ट में यह भी कहा गया है कि इज़रायल की स्व-ध्वस्तीकरण यानी (सेल्फ-डिमोलिशन) नीति के तहत फ़िलिस्तीनी मकान मालिकों को अपने ही घर स्वयं गिराने के लिए मजबूर किया जाता है, ताकि वे यरुशलम नगरपालिका द्वारा लगाए जाने वाले भारी तोड़फोड़ शुल्क, अतिरिक्त जुर्माने और नगरपालिका की कार्रवाई के दौरान पड़ोसी मकानों को संभावित नुकसान से बच सकें।
