मध्य पूर्व में मेथ तस्करी के बदलते तरीक़े – UNODC की चेतावनी

संयुक्त राष्ट्र मादक पदार्थ एवं अपराध कार्यालय (UNODC) के अनुसार, ईरान ने 2026 की पहली तिमाही में योरोप और फ़ारस की खाड़ी भेजी जा रही 3,663 किलोग्राम मेथमफ़ेटामीन (Methamphetamine) ज़ब्त की.

अन्तरराष्ट्रीय स्तर पर अब तक मुख्य ध्यान इस क्षेत्र में अफ़ीम के घटते उत्पादन पर रहा है. मगर आपराधिक तस्करी नेटवर्क अब तेज़ी से मेथमफ़ेटामीन (मेथ) जैसे कृत्रिम मादक पदार्थों के उत्पादन और तस्करी की ओर बढ़ रहे हैं.

ठोस प्रमाण

ईरान में मेथ की ज़ब्ती 2022 में 30,393 किलोग्राम से बढ़कर 2025 में 40,453 किलोग्राम हो गई.

इन घातक मादक पदार्थों को पकड़ना आसान नहीं था. संयुक्त राष्ट्र मादक पदार्थ एवं अपराध कार्यालय ने तेहरान से जानकारी देते हुए बताया कि अधिकारियों ने अफ़ग़ानिस्तान से भेजी जा रही मेथ की बड़ी खेपों को रोकने के लिए ख़ुफ़िया जानकारी के आधार पर पाँच अभियान चलाए.

ये खेपें अफ़ग़ानिस्तान-पश्चिम एशिया गलियारे से ज़मीनी रास्ते भेजी जा रही थीं. इस मार्ग से मादक पदार्थ आम तौर पर तुर्किये होते हुए योरोप पहुँचते हैं.

UNODC के ईरान कार्यालय ने कहा कि इन बड़ी खेपों को अन्तरराष्ट्रीय बाज़ारों तक पहुँचने से पहले रोका जा रहा है. मगर इस सफलता को बनाए रखने के लिए अन्तरराष्ट्रीय सहयोग और समर्थन बढ़ाना ज़रूरी है.

मेथ के ख़तरे

मेथ एक बेहद ख़तरनाक और तेज़ी से नशे की लत लगाने वाला उत्तेजक पदार्थ है, जिसे आम तौर पर गुप्त प्रयोगशालाओं में तैयार किया जाता है. UNODC के अनुसार, इसकी अधिक मात्रा लेने से दौरे पड़ सकते हैं और मौत भी हो सकती है, जबकि लम्बे समय तक सेवन से कुपोषण और मनोवैज्ञानिक निर्भरता का ख़तरा बढ़ता है.

उदाहरण के लिए, अमेरिका के रोग नियंत्रण एवं रोकथाम केन्द्र के अनुसार, देश में जनवरी 2021 से जून 2024 के बीच नशीले पदार्थों की अधिक मात्रा से हुई लगभग 96 हज़ार मौतों में मेथ का इस्तेमाल शामिल था.

UNODC का कहना है कि मेथ की खेपों को रोकने से योरोप और मध्य पूर्व में लोगों की जान बचाने के साथ-साथ संगठित अपराध की अवैध कमाई पर भी अंकुश लगाया जा सकता है.

इस बीच, सीरिया समेत आसपास के देशों में कैप्टागॉन की हज़ारों गोलियों की ज़ब्ती जारी है. यह एक अवैध कृत्रिम मादक पदार्थ है, जिसका मध्य पूर्व में व्यापक इस्तेमाल होता है.

कैप्टागॉन, अपदस्थ असद शासन के लिए विदेशी मुद्रा का एक अहम स्रोत था. मगर दमिश्क में नई सरकार आने के बाद बड़े पैमाने पर इसका उत्पादन बाधित हुआ है.

तस्करी रोकने में यूएन की मदद

UNODC के अनुसार, आपराधिक नेटवर्क तेज़ी से तस्करी के तरीक़े बदल रहे हैं और कई टन मेथ की खेप छिपाने के लिए उन्नत तकनीकों का इस्तेमाल कर रहे हैं.

लेकिन संयुक्त राष्ट्र की अपराध-रोधी एजेंसी ने भी तेज़ी से क़दम उठाए हैं.

UNODC ने सीमा पर मेथ की तस्करी रोकने के लिए ईरान को उन्नत जाँच स्कैनर हासिल करने में मदद की है. एजेंसी ने नए और सम्भावित रूप से ख़तरनाक कृत्रिम मादक पदार्थों की पहचान के लिए देश की फॉरेंसिक क्षमता मज़बूत करने में भी सहयोग दिया है.

UNODC का कहना है कि इस गलियारे को मादक पदार्थों की तस्करी का बड़ा मार्ग बनने से रोकने के लिए दानदाता देशों के निरन्तर समर्थन और अन्तरराष्ट्रीय समुदाय के सामूहिक प्रयासों की ज़रूरत है.

एजेंसी ने कहा, “ईरान में UNODC के काम को समर्थन देकर, दानदाता देश क्षेत्रीय स्थिरता और अन्तरराष्ट्रीय सुरक्षा को मज़बूत करने के साथ-साथ अपनी सीमाओं में अवैध मादक पदार्थों की आवाजाही रोकने में भी मदद कर रहे हैं.”

Source : UN News

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *