हैदराबाद की सानिया महरीन ने रचा इतिहास, रोड्स स्कॉलरशिप के लिए हुआ चयन, अब Oxford से करेंगी PhD

हैदराबाद: तेलंगाना की प्रतिष्ठित उस्मानिया यूनिवर्सिटी (OU) की पूर्व छात्रा सानिया महरीन ने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर बड़ी उपलब्धि हासिल की है। उन्हें प्रतिष्ठित रोड्स स्कॉलरशिप 2027 के लिए चुना गया है। इस स्कॉलरशिप के जरिए उन्हें ब्रिटेन की विश्वप्रसिद्ध ऑक्सफोर्ड यूनिवर्सिटी में डॉक्टरेट (पीएचडी) की पढ़ाई और शोध करने का अवसर मिलेगा। उनकी इस कामयाबी से उस्मानिया यूनिवर्सिटी सहित पूरे देश में खुशी का माहौल है।

सानिया महरीन ने उस्मानिया यूनिवर्सिटी के यूनिवर्सिटी कॉलेज ऑफ इंजीनियरिंग से बायोमेडिकल इंजीनियरिंग की पढ़ाई पूरी की है। फिलहाल वह भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान (IIT) हैदराबाद से बायोमेडिकल इंजीनियरिंग में एमटेक कर रही हैं। उनकी विशेषज्ञता मेडिकल सेंसिंग, एनालिटिक्स और सिमुलेशन के क्षेत्र में है। रोड्स ट्रस्ट की आधिकारिक वेबसाइट के अनुसार, वह मेडिकल इमेजिंग और आधुनिक तकनीक से जुड़ी रिसर्च में सक्रिय हैं।

सानिया की रिसर्च का मुख्य क्षेत्र मैग्नेटिक रेजोनेंस इमेजिंग (MRI), मेडिकल फिजिक्स और कम्प्यूटेशनल इमेजिंग है। वह एमआरआई तकनीक को अधिक प्रभावी और सटीक बनाने, नई इमेजिंग तकनीकों के विकास तथा बीमारियों की बेहतर पहचान से जुड़े शोध में रुचि रखती हैं। वह आईआईटी हैदराबाद की Applied MRI Technology (aMRIt) लैब में काम कर रही हैं, जहां उनका शोध विशेष रूप से सिकल सेल बीमारी से जुड़े मरीजों में रोग संबंधी बदलावों की पहचान पर केंद्रित है।

गौरतलब है कि वर्ष 1903 में स्थापित रोड्स स्कॉलरशिप दुनिया के सबसे पुराने और प्रतिष्ठित अंतरराष्ट्रीय छात्रवृत्ति कार्यक्रमों में से एक है। इसके तहत चयनित विद्यार्थियों को ऑक्सफोर्ड यूनिवर्सिटी में उच्च शिक्षा के लिए आर्थिक सहायता दी जाती है। इसमें यूनिवर्सिटी की ट्यूशन फीस, रहने के खर्च के लिए वार्षिक भत्ता, ब्रिटेन आने-जाने का हवाई किराया और वीजा संबंधी खर्च शामिल हैं। डॉक्टरेट के लिए स्वीकृत उम्मीदवारों को निर्धारित शर्तों के तहत तीन साल तक आर्थिक सहायता मिल सकती है।

सानिया महरीन का चयन भारत के रोड्स स्कॉलरशिप 2027 कार्यक्रम के तहत हुआ है। रोड्स ट्रस्ट के अनुसार, चयनित स्कॉलर को ऑक्सफोर्ड में अपने पसंदीदा कोर्स के लिए अलग से प्रवेश प्रक्रिया पूरी करनी होती है। उनकी यह उपलब्धि देश की युवा पीढ़ी, खासकर विज्ञान और तकनीक के क्षेत्र में आगे बढ़ने वाली छात्राओं के लिए प्रेरणादायक है। सानिया की सफलता ने साबित किया है कि मेहनत, प्रतिभा और शोध के प्रति समर्पण के दम पर भारतीय विद्यार्थी अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बना सकते हैं।

 

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *