पश्चिम बंगाल के कूचबिहार जिले से एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है, जहां कथित तौर पर SIR (Special Intensive Revision) के दौरान पिता का नाम मतदाता सूची से कटने के बाद ढाई महीने की नवजात बच्ची को अब तक जन्म प्रमाण पत्र नहीं मिल पाया है। इस घटना ने सरकारी दस्तावेजों और नागरिक अधिकारों को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, कूचबिहार के खातामारी गांव के रहने वाले अब्दुल हबीब की पत्नी अमीना खातून ने 9 सितंबर 2026 को दिनहाटा सब-डिविजनल अस्पताल में एक बच्ची को जन्म दिया था। इसके बाद दंपती अपनी बेटी का जन्म प्रमाण पत्र बनवाने के लिए अस्पताल और स्थानीय पंचायत कार्यालय पहुंचे।
आरोप है कि अधिकारियों ने जन्म प्रमाण पत्र जारी करने के लिए पंचायत प्रधान या स्थानीय विधायक से आवासीय सत्यापन कराने को कहा। जब अब्दुल हबीब दिनहाटा के विधायक अजय रॉय के कार्यालय पहुंचे, तो कथित तौर पर उन्हें बताया गया कि वोटर लिस्ट से नाम कट चुका है और पहले उन्हें अपनी नागरिकता साबित करनी होगी।
हबीब के मुताबिक, विधायक कार्यालय के एक अधिकारी ने उन्हें बांग्लादेशी नागरिक बताते हुए राष्ट्रीय नागरिक रजिस्टर (NRC) में पंजीकरण कराने की बात कही। हबीब ने इस पर आपत्ति जताते हुए कहा कि उनका परिवार पीढ़ियों से भारत में रह रहा है और उन्होंने अपनी पहचान के समर्थन में कई दस्तावेज भी प्रस्तुत किए हैं।
उन्होंने बताया कि उनके माता-पिता और पत्नी का नाम अभी भी मतदाता सूची में मौजूद है, जबकि उनका और उनकी तीन बहनों का नाम SIR प्रक्रिया के दौरान हटा दिया गया। चुनाव आयोग ने उनके परिवार के मामलों में कथित तौर पर ‘लॉजिकल डिस्क्रेपेंसी’ का हवाला दिया है। हबीब ने अपना नाम दोबारा मतदाता सूची में शामिल कराने के लिए ट्रिब्यूनल में अपील भी की है।
इस मामले पर एसोसिएशन फॉर प्रोटेक्शन ऑफ सिविल राइट्स (APCR) ने कड़ी आपत्ति जताई है। संगठन का कहना है कि किसी बच्चे का जन्म प्रमाण पत्र और कानूनी पहचान उसके माता-पिता की मतदाता सूची में स्थिति से नहीं जोड़ी जानी चाहिए। हर बच्चे को जन्म के तुरंत बाद पंजीकरण और कानूनी पहचान पाने का अधिकार है।
वहीं, इस मामले ने SIR प्रक्रिया के दौरान मतदाता सूची से नाम हटाए जाने के व्यापक प्रभावों पर बहस छेड़ दी है। सवाल उठ रहा है कि यदि किसी व्यक्ति का नाम मतदाता सूची से हट जाता है, तो क्या इसका असर उसके परिवार के बुनियादी नागरिक दस्तावेजों पर भी पड़ना चाहिए?
फिलहाल, प्रशासन की ओर से मामले की जांच कर समाधान का आश्वासन दिया गया है, लेकिन बच्ची के जन्म प्रमाण पत्र को लेकर परिवार की परेशानी बनी हुई है।
