ऑस्ट्रेलिया की संसद में 25 नवंबर को एक भावुक और दिल छू लेने वाला नज़ारा देखने को मिला। निर्दलीय सीनेटर फातिमा पेमान अपनी छह महीने की बेटी आलिया (Aaliyah) को गोद में लेकर संसद की कार्यवाही में शामिल हुईं। खास बात यह रही कि उन्होंने बच्ची को गोद में लेकर सदन में अपना संबोधन भी दिया। उस समय संसद में सरकार के डिजिटल सुरक्षा से जुड़े विधेयक पर चर्चा चल रही थी। उनकी इस तस्वीर और वीडियो ने सोशल मीडिया पर लोगों का ध्यान खींचा है।
फातिमा पेमान जिस समय संसद में बोल रही थीं, उस दौरान उनके पीछे बैठीं सीनेटर लिडिया थोर्प बच्ची के साथ दूर से खेलती और उसे हंसाने की कोशिश करती नजर आईं। सदन में मौजूद अन्य सांसद भी इस खूबसूरत दृश्य को देखकर मुस्कुराते दिखाई दिए। फातिमा का यह कदम दिखाता है कि मातृत्व और पेशेवर जिम्मेदारियों को एक-दूसरे के विपरीत मानने की जरूरत नहीं है। कामकाजी महिलाओं को अपने बच्चों की देखभाल और करियर के बीच चुनाव करने के लिए मजबूर नहीं किया जाना चाहिए।
गौरतलब है कि फातिमा पेमान पश्चिमी ऑस्ट्रेलिया का प्रतिनिधित्व करती हैं और ऑस्ट्रेलिया की संघीय संसद में हिजाब पहनकर पहुंचने वाली पहली महिला सांसद हैं। उनका जन्म अफगानिस्तान की राजधानी काबुल में हुआ था। वह महज आठ साल की उम्र में अपने परिवार के साथ शरणार्थी के रूप में ऑस्ट्रेलिया पहुंची थीं। वर्ष 2022 में लेबर पार्टी के टिकट पर सीनेटर चुनी गईं, लेकिन ग़ाज़ा के मुद्दे पर पार्टी नेतृत्व से मतभेद के बाद 2024 में उन्होंने पार्टी छोड़ दी और स्वतंत्र सांसद के रूप में काम जारी रखा।
दरअसल, ऑस्ट्रेलियाई संसद के नियमों में 2016 में बदलाव किया गया था, जिसके बाद सांसदों को अपने छोटे बच्चों को सदन में लाने और उन्हें स्तनपान कराने की अनुमति मिली। इस बदलाव के पीछे तत्कालीन ग्रीन पार्टी की सीनेटर लारिसा वाटर्स की अहम भूमिका थी, जिन्होंने 2017 में संसद में अपनी बच्ची को स्तनपान कराकर इतिहास बनाया था। फातिमा पेमान का यह कदम उसी परंपरा को आगे बढ़ाता है और दुनिया भर में कामकाजी माताओं के अधिकारों, मातृत्व के सम्मान तथा महिलाओं की पेशेवर भागीदारी पर एक सकारात्मक संदेश देता है।
