राजौरी जिले के थानामंडी क्षेत्र से एक प्रेरणादायक खबर सामने आई है। अदीबा रसूल ने कम्युनिटी रेडियो स्टेशन राजौरी (CRS) में बतौर रेडियो जॉकी (RJ) शामिल होकर इतिहास रच दिया है। वह थनमंडी की पहली महिला RJ बनी, जिन्होंने मीडिया और संचार के क्षेत्र में नई पहचान बनाई।
अदीबा की इस उपलब्धि से न सिर्फ उनके परिवार और क्षेत्र के लोग गर्व महसूस कर रहे हैं, बल्कि यह उपलब्धि कई युवा महिलाओं के लिए प्रेरणा बन रही है। सोशल मीडिया पर लोगों ने अदीबा को बधाइयाँ देते हुए कहा कि उनका कदम थनमंडी और पूरे राजौरी जिले में महिलाओं की भागीदारी को बढ़ावा देगा।
अदीबा का कहना है कि वह रेडियो के माध्यम से समाज में सकारात्मक संदेश फैलाना चाहती हैं और युवाओं की आवाज़ बनना चाहती हैं। स्थानीय लोगों ने उम्मीद जताई है कि उनकी यह पहल क्षेत्र की अन्य प्रतिभाशाली लड़कियों को भी अपने सपनों को साकार करने के लिए प्रेरित करेगी।
कम्युनिटी रेडियो स्टेशन राजौरी (CRS) लंबे समय से स्थानीय मुद्दों, संस्कृति और युवा प्रतिभाओं को आगे लाने का मंच बना हुआ है। अब अदीबा रसूल की भागीदारी से यह मंच और भी सशक्त होने की उम्मीद की जा रही है।
